शहीद फ्लाइट लेफ्टिनेंट अद्वितीय बाल को श्रद्धांजलि, सैनिक स्कूल नगरोटा में उनकी वीरता को किया गया नमन

WhatsApp Channel Join Now
शहीद फ्लाइट लेफ्टिनेंट अद्वितीय बाल को श्रद्धांजलि, सैनिक स्कूल नगरोटा में उनकी वीरता को किया गया नमन


जम्मू, 28 जुलाई (हि.स.)। सैनिक स्कूल नगरोटा के पूर्व छात्र एवं भारतीय वायुसेना के शहीद फ्लाइट लेफ्टिनेंट अद्वितीय बाल की चौथी पुण्यतिथि पर मंगलवार को एमएएम स्पोर्ट्स क्लब, जम्मू में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन उनके माता-पिता और नगरोटा एक्स-स्टूडेंट्स एसोसिएशन (नेक्सास) द्वारा किया गया जिसमें उनके साहस, समर्पण और राष्ट्रसेवा को याद किया गया। इस अवसर पर सैनिक स्कूल नगरोटा के प्राचार्य कैप्टन (आईएन) शिबू देवासिया, नेक्सास के सदस्य, पूर्व छात्र, अभिभावक तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सैनिक स्कूल के कैडेटों को शिक्षा और खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में कैडेट माहिर पंजूर ने बांसुरी वादन की मनमोहक प्रस्तुति दी जबकि छात्राओं ने समूह गीत प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। दोनों प्रस्तुतियों की सभी ने सराहना की। फ्लाइट लेफ्टिनेंट अद्वितीय बाल ने वर्ष 2007 में सैनिक स्कूल नगरोटा में प्रवेश लिया था और 2014 में यहां से शिक्षा पूरी करने के बाद राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) में शामिल हुए। वर्ष 2018 में भारतीय वायुसेना में कमीशन प्राप्त कर उन्होंने लड़ाकू पायलट बनने का अपना सपना साकार किया। 28 जुलाई 2022 को मिग-21 ट्रेनर विमान की उड़ान के दौरान राष्ट्रसेवा करते हुए उन्होंने सर्वोच्च बलिदान दिया।

वक्ताओं ने उन्हें साहसी सैन्य अधिकारी, प्रेरणादायी पूर्व छात्र और युवा कैडेटों के आदर्श के रूप में याद करते हुए विद्यार्थियों से उनके साहस, अनुशासन और निस्वार्थ सेवा के मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम का समापन शहीद फ्लाइट लेफ्टिनेंट अद्वितीय बाल को भावभीनी श्रद्धांजलि और उनके देशभक्ति व सेवा के आदर्शों को आगे बढ़ाने के संकल्प के साथ हुआ।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story