ग्रामीण विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए पंचायत स्तर पर पारदर्शिता जरूरी-डीसी

WhatsApp Channel Join Now
ग्रामीण विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए पंचायत स्तर पर पारदर्शिता जरूरी-डीसी


कठुआ, 26 सितंबर (हि.स.)। ग्रामीण विकास विभाग कठुआ की ओर से सरकारी डिग्री कॉलेज कठुआ में वीबी-जी राम जी पर जिला स्तरीय एक दिवसीय क्षमता निर्माण एवं जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें करीब 300 अधिकारियों व फील्ड कर्मचारियों ने भाग लिया।

डीसी कठुआ राजेश शर्मा मुख्य अतिथि रहे जबकि एडीसी सुरिंदर मोहन शर्मा बतौर विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे। एसीडी डॉ. गुलशन कुमार ने अतिथियों व प्रतिभागियों का स्वागत किया। कार्यशाला में बीडीओ, पंचायत लेखा सहायकों, ग्राम रोजगार सहायकों, जूनियर इंजीनियरों और तकनीकी अधिकारियों ने योजना निर्माण, कार्यों के क्रियान्वयन व निगरानी से जुड़े पहलुओं पर चर्चा की।

डीसी ने कहा कि ग्रामीण विकास योजनाओं की वास्तविक सफलता पंचायत स्तर पर प्रभावी डिलीवरी से सुनिश्चित होती है। उन्होंने योजनाओं में पारदर्शिता, जवाबदेही और ईमानदारी के साथ सार्वजनिक धन के विवेकपूर्ण उपयोग पर जोर दिया। एडीडीसी ने समन्वय, प्रभावी निगरानी और समयबद्ध कार्य निष्पादन की आवश्यकता बताई। एसीडी ने कार्यों के उचित चयन, तकनीकी जांच, गुणवत्तापूर्ण निर्माण, सही माप-जोख, दस्तावेजीकरण और समय पर भुगतान पर जोर दिया। तकनीकी सत्रों में वीबी-जी राम जी अधिनियम, पंचायत स्तर की योजना, अनुमन्य कार्यों, डिजिटल प्रक्रियाओं, एमआईएस, एनएमएमएस, ई-केवाईसी, एफटीओ और मजदूरी भुगतान से संबंधित प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई। कार्यशाला के दौरान फील्ड कर्मचारियों की शंकाओं का भी समाधान किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story