फल पौध नर्सरी एवं बागवानी विकास पर प्रशिक्षण, वैज्ञानिक तकनीकों पर दिया जोर

WhatsApp Channel Join Now
फल पौध नर्सरी एवं बागवानी विकास पर प्रशिक्षण, वैज्ञानिक तकनीकों पर दिया जोर


जम्मू, 29 जुलाई (हि.स.)। उधेयवाला स्थित एडवांस्ड सेंटर फॉर हॉर्टिकल्चर रिसर्च (एसीएचआर) में मेगा फ्रूट प्लांट नर्सरी, चकरोई के प्रशिक्षुओं के लिए फल पौध बाग एवं नर्सरी विकास विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रशिक्षुओं को वैज्ञानिक बागवानी, गुणवत्तापूर्ण पौध तैयार करने और आधुनिक नर्सरी प्रबंधन संबंधी तकनीकी एवं व्यावहारिक जानकारी प्रदान करना था। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य बागवानी अधिकारी जम्मू राकेश कोटवाल ने की। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण रोपण सामग्री, वैज्ञानिक नर्सरी प्रबंधन और आधुनिक बाग विकास के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इन उपायों से फल उत्पादन बढ़ाने और किसानों की आय में सुधार लाया जा सकता है। उन्होंने प्रशिक्षुओं से नवीन तकनीकों और आधुनिक बागवानी पद्धतियों को अपनाने का आह्वान किया।

प्रशिक्षण के दौरान एसकेयूएएसटी-जम्मू के विशेषज्ञों ने वैज्ञानिक तरीके से बाग स्थापित करने, नर्सरी तैयार करने, उच्च गुणवत्ता वाली पौध के चयन, पौध प्रवर्धन, समेकित पोषक तत्व प्रबंधन, मृदा स्वास्थ्य, कीट एवं रोग नियंत्रण तथा उन्नत बागवानी तकनीकों पर विस्तृत जानकारी दी। विशेषज्ञों ने नर्सरी संचालन, फल पौधों के प्रवर्धन, बाग की रूपरेखा तैयार करने और आधुनिक प्रबंधन पद्धतियों का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया जिससे प्रतिभागियों को तकनीकी विषयों की व्यवहारिक समझ मिली।

कार्यक्रम में जिला प्रशिक्षण अधिकारी चकरोई वीरेंद्र कुमार, जिला स्तरीय विषय विशेषज्ञ विशाल मगोत्रा एवं राकेश कुमार भगत, एमसीसी श्रेष्ठा गौर तथा बागवानी विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। समापन पर प्रशिक्षुओं ने बागवानी निदेशालय जम्मू और एसकेयूएएसटी-जम्मू के विशेषज्ञों का आभार व्यक्त करते हुए वैज्ञानिक बागवानी और फल पौध नर्सरी विकास को बढ़ावा देने के लिए प्रशिक्षण में प्राप्त ज्ञान का उपयोग करने का संकल्प लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story