झिड़ी मेले को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी, 23 नवंबर से लागू रहेगा यातायात डायवर्जन

WhatsApp Channel Join Now
झिड़ी मेले को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी, 23 नवंबर से लागू रहेगा यातायात डायवर्जन


जम्मू, 19 नवंबर (हि.स.)। वार्षिक झिड़ी मेला 23 नवंबर 2026 से शुरू होने जा रहा है। मेले में जम्मू-कश्मीर सहित अन्य राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस सिटी जम्मू ने यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है। इसके तहत विभिन्न मार्गों से आने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग रूट निर्धारित किए गए हैं ताकि श्रद्धालुओं और आम लोगों को यातायात संबंधी परेशानी का सामना न करना पड़े।

एडवाइजरी के अनुसार पंजाब, कठुआ और सांबा की ओर से आने वाली अंतरराज्यीय बसों एवं श्रद्धालुओं के वाहनों को राया मोड़ से रिंग रोड, सुआ नंबर-1 होते हुए झिड़ी पहुंचना होगा। वापसी भी इसी मार्ग से होगी। गांधी नगर, आरएस पुरा और आसपास के क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों को मीरां साहिब से रिंग रोड के रास्ते झिड़ी जाना होगा और वापसी भी इसी मार्ग से करनी होगी। जम्मू बस स्टैंड से चलने वाली बसें, मिनी बसें और व्यावसायिक वाहन बस स्टैंड से महेशपुरा चौक, बख्शी नगर पुली होते हुए अखनूर रोड पर जाएंगे तथा सुआ नंबर-1 से बाएं मुड़कर झिड़ी पहुंचेंगे। वहीं निजी हल्के मोटर वाहनों को जम्मू-अखनूर रोड पर मिश्रीवाला चौक से बाएं मुड़कर झिरी जाना होगा। मध्यम श्रेणी के वाहनों को सिम्बलवाला और चक मनी से बाएं मुड़कर झिड़ी जाने के निर्देश दिए गए हैं।

अन्य राज्यों से आने वाली यात्री बसों, ट्रकों और मालवाहक भारी वाहनों को सुआ नंबर-1, चक सूदियां और चक क्रांति होते हुए झिड़ी पहुंचना होगा। इसके अलावा हरि सिंह घराट कट-ऑफ प्वाइंट से आंतरिक स्थानीय मार्गों पर चलने वाले यात्री वाहनों और हल्के वाहनों को डायवर्ट किया जाएगा। ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मिश्रीवाला चौक (राष्ट्रीय राजमार्ग) से झिड़ी तक भारी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।

श्रद्धालुओं और मेले में भाग लेने वालों के वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े किए जाएंगे। आयोजन स्थल और उससे जुड़ी सड़कों को वाहनों की निर्बाध आवाजाही के लिए खाली रखना अनिवार्य होगा। एडवाइजरी में सड़क के दोनों ओर किसी भी वाहन की पार्किंग पर रोक लगाई गई है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट एवं संबंधित नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी। ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित रूट और यातायात डायवर्जन का पालन करें तथा पुलिसकर्मियों के निर्देशों का सहयोग करें ताकि झिड़ी मेले के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779850 Articles

Share this story