यातायात नियम तोड़ने वालों पर ट्रैफिक पुलिस का शिकंजा, डीटीआई ने वाहन चालकों को पढ़ाया नियमों का पाठ

WhatsApp Channel Join Now
यातायात नियम तोड़ने वालों पर ट्रैफिक पुलिस का शिकंजा, डीटीआई ने वाहन चालकों को पढ़ाया नियमों का पाठ


कठुआ, 24 सितंबर (हि.स.)। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। ट्रैफिक पुलिस टीम ने कठुआ के विभिन्न क्षेत्रों में नाके लगाकर वाहनों की जांच की और नियमों का पालन करने की हिदायत दी।

जांच के दौरान दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने और चार पहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने के लिए जागरूक किया गया। नियमों का उल्लंघन करने वाले कुछ वाहन चालकों को चेतावनी देकर छोड़ा गया जबकि कुछ के चालान भी काटे गए। विशेष रूप से ई-रिक्शा और ऑटो रिक्शा चालकों के वाहनों की जांच की गई तथा उन्हें ओवरलोडिंग न करने, वैध लाइसेंस सहित अन्य जरूरी दस्तावेज साथ रखने की हिदायत दी गई। इस दौरान डीटीआई कठुआ विक्रम कुमार ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को वाहन देते समय उनकी सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें और हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि जिन नाबालिग बच्चों के पास ड्राइविंग लाइसेंस नहीं है उन्हें वाहन चलाने की अनुमति न दें।

उन्होंने कहा कि जीवन अनमोल है और छोटी-छोटी यातायात संबंधी लापरवाहियां बड़े हादसों का कारण बन सकती हैं। वाहन चालकों से हेलमेट और सीट बेल्ट सहित सभी यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story