जाम, बदहाल सड़कें और ट्रकों का अड्डा बनी शहर की सड़कें-प्रशासन की चुप्पी पर उठे सवाल

WhatsApp Channel Join Now
जाम, बदहाल सड़कें और ट्रकों का अड्डा बनी शहर की सड़कें-प्रशासन की चुप्पी पर उठे सवाल


कठुआ, 17 मार्च (हि.स.)। कठुआ शहर में शहीद कैप्टन सुनील चौधरी चौक से ड्रीम पार्क की ओर जाने वाला मार्ग इन दिनों ट्रांसपोर्ट नगर का रूप लेता जा रहा है। इस सड़क पर ट्रांसपोर्टरों द्वारा बड़े-बड़े ट्रक बेतरतीब ढंग से खड़े किए जा रहे हैं, जिससे रोजाना जाम की स्थिति बन रही है और दुर्घटना का खतरा भी बढ़ गया है।

इस मार्ग पर एक स्कूल भी स्थित है, जहां सुबह के समय अभिभावक अपने बच्चों को छोड़ने आते हैं। लेकिन स्कूल के पास ही ट्रांसपोर्टरों के गोदाम होने के कारण दर्जनों लंबे ट्रक सड़क पर खड़े रहते हैं। कई ट्रकों का आधा हिस्सा सड़क के बीच तक आ जाता है, जबकि उनका पिछला हिस्सा गोदामों से माल उतारने के लिए लगा रहता है। इससे सड़क काफी संकरी हो जाती है और वाहनों की आवाजाही बाधित होती है। स्थिति यह है कि कई बार स्कूल की बसें एवं अन्य गाड़ियां भी जाम में फंस जाती हैं, जिससे अभिभावकों और बच्चों को भारी परेशानी झेलनी पड़ती है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रकों के इस तरह खड़े होने से सामने से आने वाले वाहन दिखाई नहीं देते, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

यही नहीं इस मार्ग पर महाकालेश्वर मंदिर के पास सड़क की हालत भी बेहद खराब है। यहां सड़क उखड़ी हुई है और बारिश के बाद हमेशा पानी भरा रहता है लेकिन अब तक इसकी मरम्मत नहीं करवाई गई। स्थानीय निवासियों का कहना है कि कभी यह सड़क शहर के ट्रैफिक से बचने के लिए सुरक्षित मार्ग मानी जाती थी, लेकिन अब सबसे ज्यादा ट्रैफिक इसी मार्ग पर हो गया है। बावजूद इसके ट्रैफिक विभाग और प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि स्कूल के पास ट्रकों की पार्किंग पर तुरंत रोक लगाई जाए और सड़क की मरम्मत करवाई जाए ताकि जाम और संभावित हादसों से बचा जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story