रेलवे स्टेशन मार्ग पर जाम का दर्द हुआ कम, हटली पुलिस की शाम की गश्त ने बदली तस्वीर

WhatsApp Channel Join Now
रेलवे स्टेशन मार्ग पर जाम का दर्द हुआ कम, हटली पुलिस की शाम की गश्त ने बदली तस्वीर


कठुआ, 07 सितंबर (हि.स.)। कठुआ के एकमात्र रेलवे स्टेशन को जोड़ने वाले रेलवे रोड पर वर्षों से जाम की समस्या से जूझ रहे लोगों को अब राहत मिलने लगी है। एसएसपी कठुआ मोहिता शर्मा आईपीएस के दिशा-निर्देश पर हटली पुलिस चैकी प्रभारी ईशांन शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम रोजाना शाम 4 से रात 8 बजे तक रेलवे रोड पर विशेष गश्त और यातायात व्यवस्था संभाल रही है। इसके चलते पिछले कुछ दिनों से मार्ग पर जाम की समस्या में काफी कमी आई है।

रेलवे स्टेशन जाने वाला यह मार्ग शाम के समय सबसे अधिक व्यस्त रहता है। ट्रेनों के आने-जाने का समय होने के कारण बड़ी संख्या में लोग स्टेशन की ओर रुख करते हैं। ऐसे में अक्सर वाहन जाम में फंस जाते थे और कई बार यात्रियों की ट्रेन तक छूट जाती थी। इसके अलावा गोविंदसर औद्योगिक क्षेत्र में करीब 5 बजे इकाइयों की छुट्टी होने पर बड़ी संख्या में श्रमिक भी इसी मार्ग से गुजरते हैं जिससे यातायात का दबाव और बढ़ जाता था। मार्ग के दोनों ओर रेहड़ी-फड़ियों का जमावड़ा भी जाम की प्रमुख वजह बनता था। शाम के व्यस्त समय में वाहनों की बढ़ती संख्या और सड़क के किनारों पर अतिक्रमण के कारण लोगों को घंटों परेशानी झेलनी पड़ती थी।

अब शाम के चार से आठ बजे तक पुलिस की विशेष तैनाती से यातायात को व्यवस्थित किया जा रहा है। पुलिस कर्मी मार्ग पर लगातार गश्त कर रहे हैं और जाम की स्थिति बनने से पहले ही यातायात को नियंत्रित कर रहे हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि लंबे समय बाद रेलवे रोड पर शाम के समय यातायात सुचारु नजर आ रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story