जम्मू में पर्यटन निदेशक डॉ. विकास गुप्ता और केशव चोपड़ा ने भक्ति भजन ‘डेरा पाड्डर लाया’ रिलीज किया

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू,, 15 अक्टूबर (हि.स.)।

जम्मू की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और भक्ति संगीत को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विशाल म्यूजिक द्वारा प्रस्तुत भक्ति भजन ‘डेरा पाड्डर लाया’ का विमोचन किया गया। कार्यक्रम में निदेशक पर्यटन जम्मू डॉ. विकास गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए जबकि सामाजिक कार्यकर्ता एवं संवेदना सोसायटी के अध्यक्ष केशव चोपड़ा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आयोजन संवेदना सोसायटी द्वारा किया गया।

इस अवसर पर उप निदेशक पर्यटन जम्मू पंकज सासन, सहायक निदेशक पर्यटन विशाल सदोत्रा और उप निदेशक पर्यटन (योजना) ममता शर्मा विशेष अतिथियों के रूप में मौजूद रहे। वहीं पर्यटन निदेशक जम्मू के वरिष्ठ निजी सचिव कमल गुप्ता भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

भक्ति भजन ‘डेरा पाड्डर लाया’ को गायक विशाल शर्मा ने अपनी आवाज दी है। इसके गीत और रचना निर्भय सलाथिया ने तैयार किए हैं, जबकि संगीत डॉ. वी. कैथ ने दिया है। भजन का निर्देशन रवि शर्मा ने किया है और संपादन तथा कलर ग्रेडिंग धनराज स्टूडियोज द्वारा की गई है। इस प्रस्तुति में दानेश शर्मा और योगेश शर्मा कलाकारों के रूप में नजर आए हैं। भजन को उस्ताद कृष्ण कुमार झोनी जी और गुरुजी श्री श्री 1008 सत्य दास जी भोनी जी महाराज का आशीर्वाद प्राप्त है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. विकास गुप्ता ने इस सांस्कृतिक पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि जम्मू में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है और यहां के युवा संगीत, कला एवं अन्य क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पर्यटन विभाग युवाओं की रचनात्मक पहलों को प्रोत्साहित करने और जम्मू की सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने जम्मू के पर्यटन स्थलों को लोकप्रिय बनाने में विभागीय टीम के प्रयासों की भी सराहना की। डॉ. गुप्ता ने कहा कि इस प्रकार की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां क्षेत्र की सुंदरता, परंपराओं और पहचान को व्यापक स्तर पर सामने लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

इस अवसर पर केशव चोपड़ा ने गायक विशाल शर्मा, निर्देशक रवि शर्मा और भजन से जुड़ी पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि संवेदना सोसायटी जम्मू-कश्मीर के प्रतिभाशाली युवाओं को आगे बढ़ाने और उन्हें अपनी कला प्रदर्शित करने के अवसर प्रदान करने के लिए लगातार प्रयासरत है।

केशव चोपड़ा ने युवाओं से नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा रचनात्मक कार्यों, मेहनत और प्रतिभा को निखारने में लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा अपनी क्षमताओं का सही उपयोग करके न केवल सफलता प्राप्त कर सकते हैं, बल्कि समाज के विकास में भी योगदान दे सकते हैं।

उन्होंने युवाओं को संदेश दिया कि ‘नशों को कहें ना और प्रतिभा को कहें हां साथ ही उन्होंने क्षेत्रीय संगीत, भक्ति परंपराओं और स्थानीय कलाकारों को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर दिया।

कार्यक्रम में निर्भय सलाथिया, डॉ. वी. कैथ, रमन वैद्य, अमित कपूर, गौरव, अभिषेक गुप्ता सहित कई अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761457 Articles

Share this story