जीएमसी कठुआ में बाढ़ से हुए नुकसान का लिया जायजा, महत्वपूर्ण ढांचे की सुरक्षा के लिए तत्काल कदम उठाने के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
जीएमसी कठुआ में बाढ़ से हुए नुकसान का लिया जायजा, महत्वपूर्ण ढांचे की सुरक्षा के लिए तत्काल कदम उठाने के निर्देश


कठुआ, 25 जुलाई (हि.स.)। हाल ही में हुई भारी बारिश और बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन करने के लिए उपायुक्त कठुआ राजेश शर्मा ने शनिवार को गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज कठुआ का दौरा किया और वहां की स्थिति का जायजा लिया।

दौरे के दौरान उपायुक्त ने प्रभावित क्षेत्रों का मौके पर निरीक्षण कर परिसर और आधारभूत ढांचे को पहुंचे नुकसान का विस्तृत आकलन किया। उन्होंने जीएमसी के प्राचार्य डॉ. सुरिंदर अत्री और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बातचीत कर स्थिति की प्रत्यक्ष जानकारी हासिल की तथा चल रहे बहाली कार्यों की समीक्षा की।

उपायुक्त ने बाढ़ नियंत्रण विभाग को निर्देश दिए कि जीएमसी के भवनों और अन्य परिसंपत्तियों को भविष्य में किसी भी प्रकार के नुकसान से बचाने के लिए सभी आवश्यक कदम तुरंत उठाए जाएं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर ठोस बाढ़ सुरक्षा उपाय तैयार कर उन्हें लागू करने के निर्देश दिए ताकि संस्थान की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और स्वास्थ्य सेवाएं बाधित न हों। उन्होंने अधिकारियों को बहाली कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने और संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी रखने के निर्देश भी दिए जिससे भविष्य में बाढ़ के प्रभाव को कम किया जा सके।

-----

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story