बडगाम रेलवे स्टेशन पर 1.6 टन खराब मांस जब्त

WhatsApp Channel Join Now

बडगाम, 14 नवंबर (हि.स.)। बडगाम रेलवे स्टेशन पर रेलवे पुलिस द्वारा खाद्य सुरक्षा विभाग को एक संदिग्ध खेप के बारे में सूचित किए जाने के बाद लगभग 1,600 किलोग्राम खराब मांस जब्त किया गया जिसमें से खून रिस रहा था और दुर्गंध आ रही थी।

बडगाम रेलवे पुलिस डीएसपी बायनाजिर इकबाल ने बताया कि पशु चिकित्सा विभाग ने मौके पर ही खेप का निरीक्षण किया और डॉक्टर ने अत्यधिक खराब स्थिति और संभावित स्वास्थ्य जोखिमों के कारण मांस को मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त घोषित करते हुए प्रमाण पत्र जारी किया।

उन्होंने बताया कि जब्त किए गए मांस को तहसीलदार, बडगाम नगर समिति के कार्यकारी अधिकारी और खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों की उपस्थिति में नष्ट किया गया। भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 271 के तहत एफआईआर (संख्या 05) दर्ज की गई है और खेप के परिवहन और संचालन के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान करने हेतु आगे की जांच जारी है।

डीएसपी ने कहा कि खेप पर कोई निशान नहीं था और किसी भी पहचान योग्य व्यक्ति के नाम पर दर्ज नहीं थी।

पुलिस रेलवे अधिकारियों से यह भी पूछताछ कर रही है कि उचित दस्तावेज़ों के बिना ऐसी खेप कैसे स्वीकार की गई। उन्होंने कहा कि मांस के परिवहन के लिए उचित दस्तावेज़ों की आवश्यकता होती है जिनमें बूचड़खाने, पशु चिकित्सा और भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) के प्रमाण पत्र शामिल हैं साथ ही निर्धारित तापमान -18 डिग्री सेल्सियस या उससे कम बनाए रखने के लिए पर्याप्त प्रशीतन सुविधाएं भी होनी चाहिए।

हालांकि जब्त किया गया मांस साधारण पैकेजिंग में आया था जिसमें बर्फ या किसी भी प्रशीतन व्यवस्था का इस्तेमाल नहीं किया गया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776849 Articles

Share this story