भीषण आग में तीन रिहायशी मकान और छह दुकानें जलकर खाक, करोड़ों रुपये का हुआ नुकसान

WhatsApp Channel Join Now

पुंछ, 13 अक्टूबर (हि.स.)। सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात को पुंछ जिले के लोरान इलाके में लगी भीषण आग में तीन रिहायशी मकान और छह दुकानें जलकर खाक हो गईं जिससे करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ।

पुलिस के अनुसार आग रात में लगी जिससे छह दुकानें और तीन रिहायशी मकान जलकर खाक हो गए। घटना की सूचना मिलते ही लोरान स्टेशन हाउस ऑफिसर (एसएचओ) यूनिस खान के नेतृत्व में पुलिस दल ने स्थानीय निवासियों के साथ मिलकर आग बुझाने के लिए अथक प्रयास किए। हालांकि आग इतनी भीषण थी कि उसने कुछ ही समय में सभी संपत्तियों को अपनी चपेट में ले लिया और उन्हें राख कर दिया।

पुलिस कर्मियों ने मकानों में रहने वालों को सुरक्षित बाहर निकाला और स्थानीय लोगों की मदद से 10 से अधिक अन्य रिहायशी मकानों को आग की चपेट में आने से बचा लिया।

एसएचओ यूनिस खान ने बताया कि आग लगने का कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है और जांच जारी है। आग से मोहम्मद यूसुफ (लास्सा के पुत्र) और रियाज अहमद (अब्दुल गनी के पुत्र) के घर और दुकानें क्षतिग्रस्त हो गईं।

इस बीच स्थानीय लोगों ने अग्निशमन और आपातकालीन सेवाओं के समय पर घटनास्थल पर न पहुंचने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने बताया कि दमकल गाड़ी लोरान से 15 किलोमीटर दूर से आई थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर दमकल गाड़ी लोरान में तैनात होती तो नुकसान को कम किया जा सकता था और कई परिवारों को अपने घर और आजीविका खोने से बचाया जा सकता था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

759917 Articles

Share this story