दवा एवं सौंदर्य प्रसाधन अधिनियम के उल्लंघन करने के आरोप में तीन मेडिकल दुकाने सील

WhatsApp Channel Join Now

श्रीनगर, 16 मई (हि.स.)। नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान' के तहत अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर शिकंजा कसते हुए श्रीनगर पुलिस ने औषधि एवं खाद्य नियंत्रण संगठन के सहयोग से जिले में औषधि एवं सौंदर्य प्रसाधन अधिनियम का उल्लंघन करने के आरोप में तीन मेडिकल दुकानों को सील कर दिया।

पुलिस प्रवक्ता ने एक बयान में कहा कि जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल द्वारा शुरू किए गए 'नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान और 100 दिवसीय अभियान' के तत्वावधान में नूरबाग पुलिस चौकी (महाराज गंज उपमंडल) ने औषधि एवं खाद्य नियंत्रण संगठन के सहयोग से आज श्रीनगर के नूरबाग क्षेत्र में मेडिकल दुकानों का संयुक्त निरीक्षण अभियान चलाया। प्रवक्ता ने बताया कि निरीक्षण के दौरान तीन मेडिकल दुकानें औषधि एवं सौंदर्य प्रसाधन अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन करती पाई गईं और उन्हें मौके पर ही सील कर दिया गया।

अधिकारियों ने सील की गई मेडिकल दुकानों की पहचान नूरबाग स्थित ताहिर मेडिकेट जिसका संचालन मोहम्मद मकबूल वानी के पुत्र मोहम्मद ताहिर वानी निवासी लालबाजार श्रीनगर द्वारा किया जा रहा है; गुजरबल स्थित साइलोन फार्मा केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट्स जिसका संचालन मोहम्मद सुल्तान खान के पुत्र अल्ताफ अहमद खान निवासी रथपोरा ईदगाह द्वारा किया जा रहा है और नूरबाग स्थित केयर प्लस फार्मेसी जिसका संचालन अत्ताउल्लाह खान के पुत्र इरफान अहमद खान निवासी ज़ैनकदल द्वारा किया जा रहा है के रूप में हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

Share this story