अवैध खनन में लिप्त तीन डंपर जब्त

WhatsApp Channel Join Now
अवैध खनन में लिप्त तीन डंपर जब्त


कठुआ, 12 अगस्त (हि.स.)। अवैध खनन और निर्माण सामग्री की अवैध ढुलाई के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कठुआ पुलिस ने कठुआ-नगरी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए तीन डंपरों को जब्त किया है। पुलिस के अनुसार इन वाहनों में बिना वैध अनुमति और ए-फॉर्म के निर्माण सामग्री ले जाई जा रही थी।

जानकारी के अनुसार थाना कठुआ की पुलिस टीमों ने थाना प्रभारी कठुआ तथा पुलिस पोस्ट नगरी के प्रभारी के नेतृत्व में गश्त के दौरान संदिग्ध डंपरों की जांच की। इस दौरान जेके08पी-0544, पीबी10जीके-4665 तथा बिना पंजीकरण नंबर वाले एक अन्य डंपर को निर्माण सामग्री से लदा पाया गया। पुलिस ने आवश्यक अनुमति और दस्तावेज नहीं मिलने पर तीनों डंपरों को जब्त कर लिया। बाद में जब्त किए गए वाहनों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए भू-विज्ञान एवं खनन विभाग कठुआ के सुपुर्द कर दिया गया। यह कार्रवाई एसएसपी कठुआ मोहिता शर्मा आईपीएस की समग्र निगरानी में की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story