एसएमवीडीयू में यूनिवर्सल ह्यूमन वैल्यूज पर तीन दिवसीय फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम संपन्न
जम्मू, 12 जुलाई (हि.स.)। श्री माता वैष्णो देवी विश्वविद्यालय (एसएमवीडीयू), कटड़ा के यूनिवर्सल ह्यूमन वैल्यूज (यूएचवी) सेल और अकादमिक मामलों के अनुभाग के संयुक्त तत्वावधान में अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (एआईसीटीई) तथा पीएम-उषा के सहयोग से यूनिवर्सल ह्यूमन वैल्यूज (यूएचवी-2) विषय पर तीन दिवसीय फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम (एफडीपी) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों के बीच मानवीय मूल्यों की समझ और उनके व्यवहारिक अनुप्रयोग को मजबूत बनाकर उच्च शिक्षा में मूल्य आधारित शिक्षा को बढ़ावा देना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ डीन अकादमिक मामलों एवं विश्वविद्यालय के यूएचवी समन्वयक प्रो. (डॉ.) बलबीर सिंह के स्वागत संबोधन से हुआ। उन्होंने शिक्षा में नैतिक मूल्यों, जिम्मेदार नागरिकता और सामंजस्यपूर्ण जीवन की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। मुख्य अतिथि कुलपति प्रो. (डॉ.) प्रगति कुमार ने शिक्षकों से आह्वान किया कि वे यूनिवर्सल ह्यूमन वैल्यूज को अपने शिक्षण का अभिन्न हिस्सा बनाकर विद्यार्थियों को नैतिक, जिम्मेदार और संवेदनशील नागरिक बनने के लिए प्रेरित करें।
कार्यक्रम के दौरान एआईसीटीई के यूएचवी रिसोर्स पर्सन जितेंद्र नरूला ने आत्म-अन्वेषण, व्यक्ति, परिवार, समाज और प्रकृति के बीच सामंजस्य, नैतिक आचरण तथा व्यावसायिक नैतिकता जैसे विषयों पर व्याख्यान, समूह चर्चा और व्यवहारिक गतिविधियों के माध्यम से संवादात्मक सत्र आयोजित किए। इनमें एसएमवीडीयू सहित देश के विभिन्न उच्च शिक्षण संस्थानों के शिक्षकों ने सक्रिय भागीदारी की।
समापन सत्र में प्रतिभागियों ने कार्यक्रम के अनुभव साझा करते हुए कहा कि इस प्रशिक्षण से उन्हें शिक्षण और मार्गदर्शन में मूल्य आधारित दृष्टिकोण अपनाने की प्रेरणा मिली है। कार्यक्रम का समन्वय डॉ. मधु मंगल, डॉ. शफाक रसूल, डॉ. पूजा शर्मा, डॉ. अमित सिन्हा, डॉ. भारत भूषण जिंदल, डॉ. अनिल भारद्वाज और डॉ. सनी कुमार शर्मा ने प्रो. (डॉ.) बलबीर सिंह के मार्गदर्शन में किया। विश्वविद्यालय ने एआईसीटीई, पीएम-उषा, संसाधन विशेषज्ञ, प्रतिभागियों और आयोजन समिति के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार की पहल राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप मूल्य आधारित और समग्र शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

