बीमार बेटे के इलाज के बीच परिवार पर टूटा चोरी का कहर, घर से 22 तोले सोना और नकदी लेकर फरार हुए चोर

WhatsApp Channel Join Now
बीमार बेटे के इलाज के बीच परिवार पर टूटा चोरी का कहर, घर से 22 तोले सोना और नकदी लेकर फरार हुए चोर


कठुआ, 23 नवंबर (हि.स.)। कठुआ शहर के शिवा नगर इलाके में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। चोर एक घर का ताला तोड़कर करीब 22 तोले सोना और नकदी लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार सतपाल नामक व्यक्ति अपने बेटे विवेक कुमार के इलाज के लिए पिछले एक सप्ताह से दिल्ली गए हुए थे। विवेक कुमार पिछले दो वर्षों से बीमार है और दिल्ली में उसका उपचार चल रहा है। इस दौरान उनके दामाद रमेश कुमार रात के समय घर की निगरानी के लिए वहां सोया करते थे। रमेश कुमार के अनुसार बीती रात किसी कारणवश वह सतपाल के घर नहीं जा सके। उन्होंने रात करीब आठ बजे घर बंद किया और अपने घर लौट गए। सोमवार सुबह करीब पांच बजे पड़ोसी का फोन आया कि घर के मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ है। मौके पर पहुंचने पर चोरी का पता चला। रमेश कुमार ने बताया कि घर में रखे करीब 22 तोले सोने के आभूषण और नकदी गायब हैं।

सूचना मिलते ही कठुआ पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची तथा साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। रमेश कुमार ने पुलिस से चोरों को जल्द गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद करने की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782121 Articles

Share this story