घरेलू कनेक्शनों पर पानी के मीटर लगाने का कोई प्रस्ताव नहीं, केवल पंजीकृत व्यावसायिक व औद्योगिक उपभोक्ताओं की होगी मीटरिंग

WhatsApp Channel Join Now
घरेलू कनेक्शनों पर पानी के मीटर लगाने का कोई प्रस्ताव नहीं, केवल पंजीकृत व्यावसायिक व औद्योगिक उपभोक्ताओं की होगी मीटरिंग


कठुआ, 22 अगस्त (हि.स.)। जल शक्ति पीएचई डिवीजन कठुआ ने पानी के मीटर लगाए जाने को लेकर मीडिया में सामने आ रही खबरों पर स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि मीटरिंग केवल पंजीकृत व्यावसायिक और औद्योगिक उपभोक्ताओं तक सीमित है। घरेलू कनेक्शनों पर मीटर लगाने का कोई प्रस्ताव नहीं है।

विभाग के अनुसार 15 से 32 एमएम पाइप आकार वाले पात्र व्यावसायिक एवं औद्योगिक उपभोक्ताओं को फ्लैट रेट के बजाय वास्तविक पानी की खपत के आधार पर बिलिंग व्यवस्था में लाया जाएगा। इसका उद्देश्य पानी के विवेकपूर्ण उपयोग को बढ़ावा देना और व्यावसायिक एवं औद्योगिक क्षेत्रों में पानी की बर्बादी को कम करना है।

विभाग ने पात्र उपभोक्ताओं से मीटर लगाने की प्रक्रिया में सहयोग करने की अपील की है। साथ ही आम लोगों से घरेलू कनेक्शनों की मीटरिंग को लेकर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न देने को कहा है। मीटर की जानकारी अथवा स्थापना प्रक्रिया से संबंधित जानकारी के लिए उपभोक्ता कार्यदिवस पर पीएचई डिवीजन कठुआ कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story