जम्मू पुलिस ने कुछ ही घंटों में घर में हुई चोरी का मामला सुलझाया, आरोपी गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू, 06 अक्टूबर (हि.स.)।जम्मू पुलिस ने घर में हुई चोरी की सूचना मिलते ही कुछ ही घंटों में मामले को सुलझा लिया और आरोपी को गिरफ्तार कर करीब 15 लाख रुपये का पूरा चोरी हुआ सोना बरामद कर लिया।

आज गडीगढ़ पुलिस चौकी को बाबलियाना के बनयान एन्क्लेव निवासी से शिकायत मिली कि घर लौटने पर उन्होंने पाया कि एक अज्ञात व्यक्ति उनके घर में घुसकर लगभग 9.5-10 तोला सोने के आभूषण चुरा ले गया है। इस शिकायत पर सतवारी थाने में धारा 305 और 331(3) बीएनएस के तहत एफआईआर संख्या 306/2026 दर्ज की गई और जांच शुरू की गई।

दक्षिण जम्मू के एसपी सिटी के पर्यवेक्षण में गडीगढ़ पुलिस चौकी की एक टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी और मानवीय खुफिया जानकारी का उपयोग करते हुए आरोपी मुकेश कुमार पुत्र सुभाष चंद्र निवासी सेक्टर 6, गंग्याल जो वर्तमान में बाबा फरीद नगर, सेओरा में रहता है को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से चोरी के सोने के आभूषण बरामद किए गए जिसमें दो झुमकों वाला एक सोने का हार, एक सोने का इनाम सेट, एक सोने का मंगलसूत्र, एक सोने की कॉकटेल अंगूठी, तीन सोने के टॉप, एक सोने की अंगूठी, दो सोने की चूड़ियाँ बरामद की। आभूषणों का वजन लगभग 9.5-10 तोला है और इनकी कीमत लगभग 15 लाख है।

शिकायतकर्ता ने सभी वस्तुओं की पहचान अपनी चोरी की संपत्ति के रूप में की है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और अन्य इसी तरह के मामलों में उसकी संलिप्तता का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

Share this story