कठुआ में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल आठवें दिन भी जारी, उमर सरकार का पुतला फूंका

WhatsApp Channel Join Now
कठुआ में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल आठवें दिन भी जारी, उमर सरकार का पुतला फूंका


कठुआ, 02 जून (हि.स.)। नगर परिषद कठुआ के सफाई कर्मचारियों की हड़ताल मंगलवार को आठवें दिन भी जारी रही। इस दौरान कर्मचारियों ने मुखर्जी चाैक पर जम्मू-कश्मीर की उमर सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए पुतला दहन कर अपना रोष प्रकट किया।

प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने कहा कि वे पिछले आठ दिनों से लगातार हड़ताल पर बैठे हैं लेकिन सरकार और प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से उनकी समस्याओं पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने मांग की कि सभी सफाई कर्मचारियों को नियमित (पक्का) किया जाए वेतन में बढ़ोतरी की जाए और ठेकेदारी प्रथा को पूरी तरह समाप्त किया जाए। कर्मचारियों का कहना है कि मात्र 9000 रुपये मासिक वेतन में परिवार का गुजारा करना मौजूदा महंगाई के दौर में बेहद कठिन हो चुका है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि हर बार उन्हें सिर्फ आश्वासन देकर हड़ताल खत्म करवा दी जाती है लेकिन इस बार वे बिना मांगें पूरी हुए पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने साफ कहा कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक हड़ताल जारी रहेगी।

वहीं, कर्मचारियों ने यह भी चिंता जताई कि आगामी दिनों में बाबा अमरनाथ यात्रा शुरू होने वाली है, जिससे पहले ही शहर और आसपास के इलाकों में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। पिछले आठ दिनों से सफाई न होने के कारण जगह-जगह कूड़े के ढेर लग गए हैं और बढ़ती गर्मी के चलते बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। खासकर लखनपुर जो जम्मू-कश्मीर का प्रवेश द्वार है और जहां से अमरनाथ यात्रा गुजरती है वहां हालात बदतर बने हुए हैं। कर्मचारियों ने कहा कि उन्हें खुद इस स्थिति पर दुख है, लेकिन सरकार और प्रशासन की अनदेखी के चलते वे मजबूर हैं। उन्होंने आगाह किया कि यदि जल्द उनकी मांगों को नहीं माना गया तो इसका असर अमरनाथ यात्रा पर भी पड़ सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story