श्री माता वैष्णो देवी विश्वविद्यालय में बी.डिज़ाइन कार्यक्रम की बोर्ड ऑफ स्टडीज़ की दूसरी बैठक संपन्न
जम्मू, 28 फ़रवरी (हि.स.)। कटरा स्थित श्री माता वैष्णो देवी विश्वविद्यालय (एसएमवीडीयू) में बैचलर ऑफ डिज़ाइन (बी.डिज़ाइन) कार्यक्रम की बोर्ड ऑफ स्टडीज़ (बीओएस) की दूसरी बैठक ऑनलाइन माध्यम से आयोजित की गई। बैठक की कार्यवाही बी.डिज़ाइन कार्यक्रम के टिंकरिंग स्टूडियो से समन्वित की गई। उल्लेखनीय है कि विश्वविद्यालय ने वर्ष 2024 में बी.डिज़ाइन कार्यक्रम की शुरुआत की थी और वर्तमान में यह जम्मू-कश्मीर क्षेत्र का एकमात्र विश्वविद्यालय है जो पूर्णकालिक स्नातक डिज़ाइन कार्यक्रम संचालित कर रहा है। यह पहल प्रदेश में डिज़ाइन शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक उपलब्धि मानी जा रही है।
बैठक में कार्यक्रम समन्वयक प्रो. अंकुश आनंद, डॉ. मीर इरफान उल हक (एसएमई) तथा असिस्टेंट प्रोफेसर अभिनव बेहल (कॉन्ट्रैक्चुअल) उपस्थित रहे। बाह्य विशेषज्ञों में आईआईटी दिल्ली के पूर्व डिज़ाइन विभागाध्यक्ष प्रो. एल.के. दास, आईआईटी बॉम्बे के पूर्व प्रोफेसर प्रो. किशोर मुंशी, दिल्ली प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के प्रो. रंगनाथन एम. सिंगारी तथा व्हर्लपूल इंडस्ट्रीज, गुरुग्राम से इंडस्ट्री एक्सपर्ट प्रणव कुमार शामिल हुए।
स्वागत संबोधन में प्रो. अंकुश आनंद ने कार्यक्रम के अंतर्गत चल रही विभिन्न शैक्षणिक और रचनात्मक गतिविधियों की जानकारी दी। बोर्ड ने सेमेस्टरवार पाठ्यक्रम और सिलेबस की विस्तृत समीक्षा करते हुए शैक्षणिक गहराई, समकालीन प्रासंगिकता तथा उभरते डिज़ाइन क्षेत्रों के अनुरूप उद्योग से तालमेल बढ़ाने पर बल दिया। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. प्रगति कुमार ने बोर्ड सदस्यों और संकाय को पाठ्यक्रम उन्नयन के लिए शुभकामनाएँ देते हुए निरंतर सुधार की पहल की सराहना की। बैठक का समापन सभी सदस्यों के प्रति धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

