मां मचैल चंडी मंदिर में माता की पवित्र छड़ी चशोती से यात्रा करते हुए मचैल दरबार पहुंची

WhatsApp Channel Join Now

किश्तवाड़, 22 अगस्त (हि.स.)।जिला किश्तवाड़ के पाडर स्थित प्रसिद्ध मां मचैल चंडी मंदिर में माता की पवित्र छड़ी चशोती से यात्रा करते हुए मचैल दरबार पहुंच गई। इस दौरान यात्रा मार्ग में जगह-जगह मां के भक्तों ने पवित्र छड़ी का फूल-मालाओं और जयकारों के साथ जोरदार स्वागत किया।

मां मचैल चंडी के दरबार में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है और भक्त माता के दर्शन के लिए लंबी-लंबी कतारों में अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। श्रद्धालुओं में माता के प्रति गहरी आस्था और उत्साह देखने को मिल रहा है।

इस संबंध में प्रशासन की ओर से नियुक्त अधिकारी सुभाष चंद्र ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा मचैल माता के भवन और यात्रा मार्ग पर आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर से बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। यात्रा को सुचारू और सुविधाजनक बनाने के लिए विभिन्न विकास कार्य भी किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि अब तक 1 लाख 26 हजार से अधिक श्रद्धालु मां मचैल चंडी के पवित्र दरबार में पहुंचकर माता के दर्शन कर चुके हैं।

प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुरक्षा, आवागमन, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक सुविधाओं के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

Share this story