पीडीपी को पिछले 10 सालों में हुई भर्तियों की जांच की मांग करनी चाहिए : सकीना इट्ट

WhatsApp Channel Join Now

श्रीनगर, 21 जून(हि.स.)। जम्मू-कश्मीर की स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा मंत्री सकीना इटू ने भर्तियों और आउटसोर्सिंग के आरोपों को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि अगर पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) हाल की भर्तियों की जांच की मांग कर रही है तो उसे पहले पिछले दस वर्षों के दौरान की गई सभी भर्तियों की जांच की मांग करनी चाहिए। श्रीनगर में शेर-ए-कश्मीर इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस सेंटर (एसकेआईसीसी) में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह के मौके पर पत्रकारों से बात करते हुए मंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार के पास छिपाने के लिए कुछ भी नहीं है और वह किसी भी जांच का सामना करने के लिए पूरी तरह से तैयार है। इटू ने मीडियाकर्मियों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि अगर पीडीपी भर्तियों की जांच चाहती है तो उसे पहले पिछले 10 वर्षों में की गई सभी भर्तियों की जांच करनी चाहिए। सरकार पर लगाए गए आरोपों को खारिज करते हुए मंत्री ने स्पष्ट किया कि आउटसोर्सिंग प्रणाली वर्तमान प्रशासन द्वारा शुरू नहीं की गई थी। उन्होंने कहा कि यह प्रथा पहले से चली आ रही है और वर्तमान सरकार को उसके कार्यकाल से पहले शुरू की गई नीतियों के लिए जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि सरकार के पास छिपाने के लिए कुछ भी नहीं है और वह किसी भी तरह की जांच के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि पारदर्शिता और जवाबदेही प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में बनी हुई है। विभिन्न सरकारी विभागों में भर्ती प्रक्रियाओं और आउटसोर्सिंग नीतियों पर चल रही राजनीतिक बहस के बीच मंत्री की टिप्पणी आई है। उन्होंने दोहराया कि सरकार सभी प्रशासनिक मामलों में निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता

Share this story