डेंटल और जिला अस्पतालों के रेजिडेंट डॉक्टरों के शामिल होने से जम्मू-कश्मीर में स्टाइपेंड को लेकर चल रहा आंदोलन तेज

WhatsApp Channel Join Now

श्रीनगर, 25 नवंबर (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर में पोस्टग्रेजुएट और सीनियर रेजिडेंट डॉक्टरों का स्टाइपेंड बढ़ाने और वेतन में समानता की मांग को लेकर चल रहा आंदोलन जोर पकड़ता जा रहा है। जीएमसी जम्मू में यह विरोध प्रदर्शन सातवें दिन और जीएमसी श्रीनगर में छठे दिन में प्रवेश कर गया है।

गवर्नमेंट डेंटल कॉलेज (जीडीसी) श्रीनगर के डेंटल रेजिडेंट्स भी एमडीएस रेजिडेंट्स के लिए स्टाइपेंड में उचित संशोधन की मांग करते हुए इस आंदोलन में शामिल हो गए हैं, जिससे यह आंदोलन और व्यापक हो गया है। जीएमसी जम्मू के डेंटल प्रतिनिधि और एआईएमएसए डेंटल हेड डॉ. दानिश हामिद ने कहा कि डेंटल डॉक्टर, एमडी, एमएस, डीएनबी और एमडीएस रेजिडेंट्स के लिए स्टाइपेंड में समान बढ़ोतरी की मांग को लेकर अपने मेडिकल साथियों के साथ एकजुट खड़े हैं।

पीजी रेजिडेंट्स डॉ. सना जावेद और डॉ. अभिषेक मित्तल ने जम्मू-कश्मीर में रेजिडेंट डॉक्टरों के लिए मौजूदा छठे वेतन आयोग के ढांचे को खत्म करने और सातवें वेतन आयोग को लागू करने की पुरजोर वकालत की। आने वाले दिनों में कुलगाम जिला अस्पताल, गांदरबल जिला अस्पताल और कुपवाड़ा एसडीएच के डॉक्टरों के भी रायनावारी स्थित जेएलएनएम अस्पताल में विरोध कर रहे डॉक्टरों के साथ जुड़ने की उम्मीद है, जिससे यह आंदोलन और फैल सकता है। कुलगाम जिला अस्पताल के पीजी रेजिडेंट डॉ. यासिर फयाज ने भी घोषणा की है कि वे विरोध कर रहे डॉक्टरों को अपना समर्थन देने के लिए जेएलएनएम अस्पताल, रायनावारी जाएंगे। इस बीच, जीएमसी श्रीनगर के पीजी रेजिडेंट्स डॉ. मुईद, डॉ. मोहम्मद हुसैन और डॉ. सुशांत ने कहा कि डॉक्टर अपने शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन को और तेज करेंगे।

उन्होंने स्पष्ट किया कि आपातकालीन सेवाओं में कोई बाधा नहीं आएगी क्योंकि मरीजों की भलाई उनकी प्राथमिकता बनी हुई है। जेएलएनएम अस्पताल, रायनावारी के पीजी रेजिडेंट्स डॉ. रवि और डॉ. जोहा सुजैन ने कहा कि पूरे जम्मू-कश्मीर के जिला अस्पतालों में काम कर रहे रेजिडेंट डॉक्टर जिनमें जिला अस्पतालों में कार्यरत डीएनबी रेजिडेंट्स भी शामिल हैं इस राज्यव्यापी आंदोलन के साथ पूरी तरह एकजुट हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि जिला अस्पताल स्वास्थ्य सेवा प्रणाली के उतने ही महत्वपूर्ण स्तंभ हैं, जहां डॉक्टर कठिन क्लिनिकल जिम्मेदारियां निभाते हैं और चौबीसों घंटे मरीजों की देखभाल करते हैं। उन्होंने आगे कहा कि रेजिडेंट डॉक्टर अपना आंदोलन जारी रखेंगे और जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं हो जातीं तब तक वे गैर-आपातकालीन ड्यूटी से दूर रहेंगे।

एआईएमएसए के मुख्य सलाहकार डॉ. ओवैस खान और आरडीए बारामूला के उपाध्यक्ष डॉ. रजत मिश्रा ने दोहराया कि रेजिडेंट डॉक्टरों की जायज मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। जम्मू कश्मीर में एआईएमएसए के अध्यक्ष डॉ. मोहम्मद मोमिन खान ने कहा कि रेजिडेंट डॉक्टरों की मांगें जायज और उचित हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि सभी मेडिकल संस्थानों में काम कर रहे डॉक्टर उचित वेतन, सम्मान और एक समान स्टाइपेंड ढांचे के हकदार हैं। उन्होंने जम्मू कश्मीर भर में चल रहे आंदोलन के लिए सभी आरडीए को एआईएमएसए की ओर से पूरा समर्थन देने की बात दोहराई और सरकार से आग्रह किया कि वह पीजी और सीनियर रेजिडेंट डॉक्टरों की चिंताओं पर बिना किसी देरी के ध्यान दे।

जिला अस्पतालों के दंत चिकित्सकों और डॉक्टरों के आंदोलन में शामिल होने से वेतन वृद्धि की मांग को बल मिला है। जम्मू और कश्मीर में सातवें वेतन आयोग के कार्यान्वयन और वेतन समानता के लिए चल रहे आंदोलन को लगातार गति मिल रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782862 Articles

Share this story