नेशनल कॉन्फ्रेंस जम्मू-कश्मीर के किसी भी राजनीतिक दल को दिल्ली में राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग को लेकर होने वाले विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के लिए आमंत्रित नहीं करेगी-फारूक अब्दुल्ला

WhatsApp Channel Join Now

श्रीनगर, 11 जून (हि.स.)।नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने गुरुवार को कहा कि उनकी पार्टी जम्मू-कश्मीर के किसी भी राजनीतिक दल को दिल्ली में राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग को लेकर होने वाले विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के लिए आमंत्रित नहीं करेगी। अब्दुल्ला ने पत्रकारों से कहा कि जो भी विरोध प्रदर्शन में शामिल होना चाहता है वह आ सकता है। हम किसी के पास भीख मांगने नहीं जा रहे हैं।

नेशनल कॉन्फ्रेंस ने घोषणा की है कि वह संसद के मानसून सत्र के पहले दिन दिल्ली में जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन करेगी। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला जो पार्टी के उपाध्यक्ष भी हैं ने इंडिया ब्लॉक के घटक दलों से इस प्रदर्शन में शामिल होने का आग्रह किया है। जब उनसे पूछा गया कि क्या नेशनल कॉन्फ्रेंस इस महत्वपूर्ण मुद्दे पर एकता के लिए प्रयास करेगी तो पार्टी अध्यक्ष ने कहा कि राज्य के दर्जे के मामले में सभी एकजुट हैं।

जम्मू-कश्मीर को विशेष दर्जा वापस मिलने की संभावनाओं पर अब्दुल्ला ने कहा कि मैं भगवान नहीं हूं। केवल अल्लाह जानता है और दिल्ली में सत्ता में बैठे लोग।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी पार्टी विशेष दर्जा बहाल करने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने आगे कहा कि हम पहले से ही इसके लिए लड़ रहे हैं। आपको और क्या चाहिए। हम चुप नहीं हैं। हम लड़ते रहेंगे। संवैधानिक रूप से हमें उन चीजों के खिलाफ विरोध करने का अधिकार है जो उन्होंने हमसे छीन ली हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

Share this story