मौसम विभाग ने जम्मू संभाग में आज के लिए येलो अलर्ट जारी किया

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू, 30 मार्च (हि.स.)। जम्मू संभाग में सोमवार सुबह अचानक मौसम ने करवट बदली है। आसमान में घने काले बादल छा गए और कई इलाकों में झमाझम तेज बारिश हुई। कुछ ही देर में सूर्य देव के दर्शन हुए लेकिन थोड़ी देर बाद फिर बादल छा गए। बारिश और बादलों के कारण मौसम काफी सुहावना रहा जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग ने जम्मू संभाग में आज के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इसके तहत आज शाम तक कई इलाकों में कभी भी हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।

इसी तरह कश्मीर संभाग में भी येलो अलर्ट के दौरान हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचे पहाड़ी इलाकों में हल्की से मध्यम बर्फबारी हो सकती है। विभाग के अनुसार अलर्ट के दौरान कहीं-कहीं 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। आज जम्मू का अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास न्यूनतम 15 डिग्री सेल्सियस। पिछले दिनों की तुलना में अधिकतम तापमान में करीब 0.5 डिग्री की गिरावट देखी जा सकती है। श्रीनगर का अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास, न्यूनतम 8 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। कश्मीर के तापमान में 1 से 2 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।

मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और मौसम संबंधी अपडेट चेक करते रहने की सलाह दी है। यात्रियों, पर्यटकों और आम जनता को मौसम को देखते हुए और हाईवे स्टेटस के अनुसार ही यात्रा करने की सलाह दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रमेश गुप्ता

Share this story