किसान मोर्चा ने आयोजित किया सेमिनार, विद्यार्थियों की वाद-विवाद प्रतियोगिता भी हुई

WhatsApp Channel Join Now
किसान मोर्चा ने आयोजित किया सेमिनार, विद्यार्थियों की वाद-विवाद प्रतियोगिता भी हुई


जम्मू, 02 जून (हि.स.)। भाजपा किसान मोर्चा जम्मू-कश्मीर ने केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 12 साल विश्वास के विकास के जनकल्याण के अभियान के तहत एक सेमिनार का आयोजन किया। कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश महासचिव एवं पूर्व उपमहापौर जम्मू बलदेव सिंह बिल्लौरिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे जबकि किसान मोर्चा के प्रभारी हतम सिंह नगर और प्रदेश अध्यक्ष राकेश पंत विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों के बीच वाद-विवाद प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। दस स्कूलों के छात्रों ने इसमें भाग लेते हुए राष्ट्र निर्माण विकास, सुशासन और जनकल्याण से जुड़े विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की और विभिन्न मुद्दों पर अपने दृष्टिकोण रखे।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कृषि, ग्रामीण विकास और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने किसानों के लिए चलाई जा रही योजनाओं, कृषि क्षेत्र में हुए विकास और ग्रामीण बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाने के प्रयासों का उल्लेख किया। साथ ही किसानों की आय बढ़ाने और कृषि क्षेत्र को सशक्त बनाने के लिए किए गए कदमों पर भी चर्चा की गई। कार्यक्रम के अंत में वाद-विवाद प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों और विजेता विद्यालयों को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि तथा अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह और प्रमाण पत्र प्रदान कर उनके प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, शिक्षक, किसान मोर्चा पदाधिकारी और पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story