चांद के दीदार के साथ खुला करवा चाैथ का व्रत, सुहागिनों ने मांगी पति की लंबी उम्र की दुआ

WhatsApp Channel Join Now
चांद के दीदार के साथ खुला करवा चाैथ का व्रत, सुहागिनों ने मांगी पति की लंबी उम्र की दुआ


कठुआ, 29 अक्टूबर (हि.स.)। पति की लंबी आयु, सुख-समृद्धि और खुशहाल दांपत्य जीवन की कामना के साथ सुहागिन महिलाओं ने गुरुवार को करवा चाैथ का व्रत श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया। दिनभर निर्जला व्रत रखने के बाद महिलाओं ने चांद के दीदार होते ही पूजा-अर्चना की और चंद्रमा को अर्घ्य देकर अपना व्रत खोला। इस दौरान महिलाओं ने अपने पति की लंबी उम्र और परिवार की सुख-शांति के लिए प्रार्थना की।

करवा चाैथ को लेकर सुबह से ही महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। पारंपरिक परिधानों और सोलह शृंगार में सजी महिलाओं ने पूरे विधि-विधान से पूजा की। चंद्रमा के उदय होने का इंतजार कर रही सुहागिनों ने चांद नजर आते ही छलनी से चंद्रमा और फिर अपने पति का दीदार किया। इसके बाद पति के हाथों से जल ग्रहण कर व्रत का पारण किया। कई स्थानों पर महिलाओं ने एकत्रित होकर सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना भी की। गौरतलब है कि करवा चाैथ की तैयारियों को लेकर बुधवार को भी कठुआ शहर के बाजारों में खूब रौनक रही थी। श्रृंगार की दुकानों पर मेहंदी लगवाने के लिए महिलाओं की भीड़ उमड़ी थी। हाथों पर पिया के नाम की मेहंदी सजाने से लेकर चूड़ियों, बिंदियों, आभूषणों और अन्य श्रृंगार सामग्री की खरीदारी तक, हर तरफ पर्व का उत्साह नजर आया। महिलाओं ने नए डिजाइन की मेहंदी लगवाकर अपने शृंगार को खास बनाया। चांद के दीदार के साथ ही दिनभर की प्रतीक्षा समाप्त हुई और सुहागिनों के चेहरों पर खुशी खिल उठी। आस्था, प्रेम और समर्पण का प्रतीक करवा चैथ एक बार फिर पति-पत्नी के अटूट रिश्ते और पारिवारिक खुशियों का संदेश दे गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769065 Articles

Share this story