राजौरी की सड़कों पर बढ़ती ओवरलोडिंग की घटनाओं ने अब ट्रैफिक पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किये

WhatsApp Channel Join Now

राजौरी, 11 अप्रैल (हि.स.)।

राजौरी की सड़कों पर बढ़ती ओवरलोडिंग की घटनाओं ने अब ट्रैफिक पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हाल ही में वायरल हो रहे फोटो में ऑटो रिक्शा को अत्यधिक सामान लादकर सड़कों पर चलते देखा गया जो नियमों की खुली अवहेलना का उदाहरण है। तस्वीर में साफ देखा जा सकता है कि वाहन पर क्षमता से कहीं अधिक सामान लादा गया है जो किसी भी समय गिरकर बड़ा हादसा कर सकता था। इसके बावजूद वाहन का बिना किसी रोक-टोक के सड़कों पर चलना ट्रैफिक पुलिस की निगरानी पर सवाल खड़े करता है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जिले के कई प्रमुख मार्गों—राजौरी शहर, राजौरी-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग, राजौरी-पुंछ मार्ग और अन्य व्यस्त सड़कों पर इस तरह की ओवरलोडिंग आम होती जा रही है लेकिन कार्रवाई नगण्य है। सामाजिक कार्यकर्ताओं के अनुसार इस तरह के ओवरलोडेड वाहन न केवल चालक बल्कि आम जनता के लिए भी गंभीर खतरा हैं। अचानक ब्रेक या संतुलन बिगड़ने पर सामान गिरने से बड़े हादसे हो सकते हैं।

यह घटना साफ तौर पर ट्रैफिक पुलिस की लापरवाही और प्रवर्तन में कमी को उजागर करती है। सवाल यह उठता है कि आखिर ऐसे वाहन बिना किसी डर के सड़कों पर कैसे दौड़ रहे हैं। जनता ने उच्चाधिकारियों से मांग की है कि ऐसे मामलों में जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ भी जवाबदेही तय की जाए और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही नियमित जांच अभियान चलाकर नियमों का पालन करवाया जाए।

यह मामला एक चेतावनी है कि यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले समय में बड़े हादसों से इंकार नहीं किया जा सकता।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रमेश गुप्ता

Share this story