कठुआ में भगवान श्री परशुराम जन्म महोत्सव का भव्य शुभारंभ, कलश यात्रा के साथ शुरू हुई श्रीमद् भागवत कथा

WhatsApp Channel Join Now
कठुआ में भगवान श्री परशुराम जन्म महोत्सव का भव्य शुभारंभ, कलश यात्रा के साथ शुरू हुई श्रीमद् भागवत कथा


कठुआ, 13 अप्रैल (हि.स.)। श्री ब्राह्मण सभा कठुआ में भगवान श्री परशुराम जन्म महोत्सव का भव्य शुभारंभ धूमधाम और श्रद्धा के साथ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भव्य कलश यात्रा से हुई, जो बैंड-बाजों और धार्मिक जयकारों के बीच निकाली गई।

कलश यात्रा में सैकड़ों महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। महिलाएं सिर पर कलश लेकर कठुआ की प्राचीन बावलिया तक पहुंचीं, जहां से जल भरकर पुनः श्री ब्राह्मण सभा परिसर लौटीं। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था और वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा। कलश यात्रा के उपरांत श्रीमद् भागवत कथा सप्ताह का विधिवत शुभारंभ हुआ। इसके साथ ही भगवान श्री परशुराम जन्मोत्सव पर्व की शुरुआत भी हो गई। कथा के दौरान श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक प्रवचनों का लाभ मिलेगा। श्री ब्राह्मण सभा के अध्यक्ष सुरेंद्र मेहता ने जानकारी देते हुए बताया कि सात दिवसीय इस धार्मिक आयोजन में प्रतिदिन श्री ब्राह्मण सभा परिसर में गंगाधर शास्त्री जी महाराज और कुलदीप शास्त्री जी (अखनूर वाले) द्वारा प्रवचन किए जाएंगे, जो संगत को धर्म और भक्ति के मार्ग पर प्रेरित करेंगे। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर श्रीमद् भागवत कथा और भगवद गीता के उपदेशों का श्रवण करें और इस पुण्य अवसर का लाभ उठाएं। कार्यक्रम का समापन 19 अप्रैल को होगा, जिसके उपरांत एक भव्य शोभा यात्रा निकाली जाएगी। इसी के साथ सात दिवसीय भगवान श्री परशुराम जन्म महोत्सव का समापन किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story