राज्य का दर्जा बहाल कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत करे सरकार: रमन भल्ला

WhatsApp Channel Join Now
राज्य का दर्जा बहाल कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत करे सरकार: रमन भल्ला


जम्मू, 31 मई (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर प्रदेश कांग्रेस कमेटी (जेकेपीसीसी) के कार्यकारी अध्यक्ष रमन भल्ला ने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का देशव्यापी ‘संगठन सृजन अभियान’ केवल संगठन को मजबूत बनाने तक सीमित नहीं है बल्कि जम्मू-कश्मीर के लोगों की वास्तविक समस्याओं और आकांक्षाओं को प्रभावी ढंग से उठाने का भी माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लोग अनेक चुनौतियों का सामना कर रहे हैं और कांग्रेस उनके अधिकारों तथा विकास के मुद्दों के लिए लगातार आवाज उठाती रहेगी।

खौड़ में जेकेपीसीसी जिला जम्मू ग्रामीण अध्यक्ष नीरज कुंदन की अध्यक्षता में आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए भल्ला ने जम्मू-कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल करने में हो रही देरी पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि राज्य का दर्जा केवल राजनीतिक मुद्दा नहीं बल्कि प्रशासनिक जवाबदेही, विकास कार्यों में तेजी और जनता की समस्याओं के प्रभावी समाधान से जुड़ा विषय है। उन्होंने पंचायतों और शहरी स्थानीय निकायों के चुनाव जल्द कराने की भी मांग करते हुए कहा कि लोकतंत्र तभी मजबूत होगा जब सत्ता जमीनी स्तर तक पहुंचे।

भल्ला ने दैनिक वेतनभोगियों, कैजुअल लेबरों, जरूरत आधारित कर्मचारियों और संविदा कर्मियों के नियमितीकरण की मांग दोहराते हुए कहा कि वर्षों से सेवा दे रहे कर्मचारियों को अब भी अपने भविष्य को लेकर अनिश्चितता का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से समयबद्ध नीति बनाकर उनकी समस्याओं का समाधान करने की अपील की। कांग्रेस नेता ने स्कूलों, कॉलेजों, अस्पतालों और विभिन्न सरकारी विभागों में कर्मचारियों की भारी कमी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों, डॉक्टरों और अन्य आवश्यक कर्मियों के रिक्त पदों के कारण शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। उन्होंने सभी रिक्त पदों को भरने के लिए तत्काल भर्ती अभियान चलाने की मांग की।

भल्ला ने पेयजल संकट और अनियमित बिजली कटौती पर भी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के लोग बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने जलापूर्ति योजनाओं और बिजली ढांचे के आधुनिकीकरण की आवश्यकता पर बल दिया। इसके अलावा बेरोजगारी, महंगाई, किसानों, व्यापारियों और छोटे उद्यमियों की समस्याओं का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस जनता की आवाज बनकर इन मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी।

बैठक में पूर्व एमएलसी वेद महाजन, विनोद शर्मा, वीरेंद्र मनहास, अशोक भगत, इकबाल डार, विजयंत पठानिया, विजय चौधरी, रमेश वर्मा सहित अनेक कांग्रेस नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

इस अवसर पर नीरज कुंदन ने कहा कि संगठन सृजन अभियान जनता से जुड़ने और उनकी समस्याओं को प्रमुखता से उठाने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है तथा कांग्रेस जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत कर जनहित के मुद्दों के लिए संघर्ष जारी रखेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story