सरकार ने अंतरराष्ट्रीय कैनोइंग कोच और अंपायर बिलकिस मीर को जापान में 19 सितंबर से शुरू होने वाले एशियाई खेलों के लिए तकनीकी अधिकारी के रूप में यात्रा करने की दी अनुमति

WhatsApp Channel Join Now

श्रीनगर, 15 सितंबर (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर सरकार ने मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय कैनोइंग कोच और अंपायर बिलकिस मीर को जापान में 19 सितंबर से शुरू होने वाले एशियाई खेलों के लिए तकनीकी अधिकारी के रूप में यात्रा करने की अनुमति दे दी।

सुप्रीम कोर्ट ने अनापत्ति प्रमाण पत्र न देने के लिए सरकार को फटकार लगाई थी। पिछले सप्ताह सुनवाई के दौरान केंद्र शासित प्रदेश प्रशासन पर कड़ी फटकार लगाते हुए सुप्रीम कोर्ट ने जम्मू और कश्मीर सरकार को मीर के लिए सभी आवश्यक आदेश जारी करने के लिए 15 सितंबर तक का समय दिया था। मीर पिछले चार वर्षों से केंद्र शासित प्रदेश प्रशासन के साथ कानूनी लड़ाई लड़ रही हैं।

सुप्रीम कोर्ट की समय सीमा के अंतिम दिन जारी आदेश में कहा गया कि शारीरिक शिक्षा शिक्षिका बिलकिस मीर को आवश्यक सीमित अनुमति प्रदान की जाती है और उन्हें भारतीय राष्ट्रीय कयाकिंग और कैनोइंग टीम के कोच/मुख्य कोच के रूप में शेष कार्यभार संभालने और एशियाई खेलों, 2026 के संबंध में भारतीय राष्ट्रीय टीम के साथ जाने और सहायता करने के लिए मुक्त किया जाता है।

युवा सेवा एवं खेल विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार मीर को आइची-नागोया में आयोजित खेलों की अवधि के लिए शारीरिक शिक्षा शिक्षक के पद से मुक्त कर दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

Share this story