“अनुभवों की शाम” में झलकी संस्कृति की रंगत, वरिष्ठ नागरिकों के लिए यादगार बना कार्यक्रम

WhatsApp Channel Join Now
“अनुभवों की शाम” में झलकी संस्कृति की रंगत, वरिष्ठ नागरिकों के लिए यादगार बना कार्यक्रम


कठुआ, 25 मार्च (हि.स.)। जिला प्रशासन कठुआ द्वारा समाज कल्याण विभाग के सहयोग से वरिष्ठ नागरिकों के लिए “अनुभवों की शाम” नामक विशेष सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया, जिसने उपस्थित लोगों को भावुक और आनंदित कर दिया।

कार्यक्रम में भजन संध्या के साथ-साथ स्किट, गजल, धार्मिक ‘कार्का’ प्रस्तुतियां और स्थानीय लोकगीतों ने माहौल को पूरी तरह सांस्कृतिक रंग में रंग दिया। वरिष्ठ नागरिकों ने इन प्रस्तुतियों का भरपूर आनंद लिया और पुरानी यादों में खो गए। इस अवसर की मुख्य आकर्षण ‘आवाज पंजाब दी’ विजेता विभा भारती रहीं, जिन्होंने भक्ति, डोगरी, हिंदी, पंजाबी और सूफी गीतों की मनमोहक प्रस्तुति देकर दर्शकों का दिल जीत लिया। इसके अलावा कपिल थप्पा और अभिनंदन खजूरिया ने भी भक्ति प्रस्तुतियां दीं। जतिन और सौरभ ने पारंपरिक कार्का प्रस्तुत कर कार्यक्रम में धार्मिक रंग भरा, जबकि अजीत और उनकी टीम ने स्किट व संगीत प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। शक्ति आर्या की गजल प्रस्तुति ने भी दर्शकों को खूब सराहा।

कार्यक्रम में विधायक जसरोटा राजीव जसरोटिया, उपायुक्त कठुआ राजेश शर्मा, निदेशक समाज कल्याण जम्मू रंजीत सिंह, जीएम डीआईसी मुश्ताक चैधरी, पीओ आईसीडीएस मोहम्मद सैयद, एडीसी विशालजीत सिंह, डीएसडब्ल्यूओ वरुण चैधरी, डीआईओ राजिंदर डिगरा सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। उपायुक्त ने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को एक ऐसा मंच प्रदान करना है, जहां वे सुकून भरे माहौल में सांस्कृतिक गतिविधियों का आनंद ले सकें। उन्होंने कहा कि यह पहल समाज में वरिष्ठ नागरिकों के योगदान को सम्मान देने और उन्हें खुशी के पल देने का प्रयास है। कार्यक्रम के अंत में जिला प्रशासन द्वारा वरिष्ठ नागरिकों को कंबल भी वितरित किए गए, जो उनके प्रति सम्मान और देखभाल का प्रतीक रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story