एक साथ रंग मंडल ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से दिया नशामुक्त समाज का संदेश
जम्मू, 06 जुलाई (हि.स.)। एक साथ रंग मंडल ने अपनी सोमवार थिएटर श्रृंखला के तहत 524वें सोमवार थिएटर का आयोजन करते हुए जम्मू के स्मैलपुर गांव में नशा मुक्त समाज बनाएं विषय पर एक प्रगतिशील नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। नाटक का उद्देश्य समाज, विशेषकर युवाओं को नशे की बढ़ती प्रवृत्ति के प्रति जागरूक करना और परिवारों की भूमिका को रेखांकित करना था। नाटक के माध्यम से सामाजिक कार्यकर्ता तरसेम लाल ने संदेश दिया कि नशे की रोकथाम में परिवार की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
उन्होंने कहा कि माता-पिता, भाई-बहन और अभिभावकों को बच्चों की दिनचर्या, व्यवहार, मित्र मंडली और खान-पान की आदतों पर नियमित नजर रखनी चाहिए। यदि किसी बच्चे के व्यवहार, स्वास्थ्य या मानसिक स्थिति में असामान्य बदलाव दिखाई दें तो इसे गंभीरता से लेते हुए समय रहते उचित कदम उठाने चाहिए।
उन्होंने बताया कि अत्यधिक सुस्ती, कमजोरी या लंबे समय तक सोने जैसी आदतें कई बार नशे की लत के संकेत हो सकती हैं। ऐसे मामलों में परिवारों को बिना देर किए चिकित्सकों, पुनर्वास केंद्रों और आवश्यकता पड़ने पर पुलिस की सहायता लेकर बच्चों को सही मार्ग पर लाने का प्रयास करना चाहिए। तरसेम लाल ने नशे के शिकार लोगों और उनके परिवारों को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन भी दिया। उन्होंने कहा कि एक सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में उनका संकल्प नशे की गिरफ्त में आए लोगों को नई जिंदगी देने और समाज को इस बुराई से मुक्त बनाने का है। नाटक को देखने पहुंचे ग्रामीणों ने इसकी विषयवस्तु और सामाजिक संदेश की सराहना करते हुए इसे जनजागरूकता की दिशा में एक प्रभावी पहल बताया। नुक्कड़ नाटक में शालिजा सिंह, रोमिका, पूनम, शिवानी, आर्यन, सीमा, नितिन और विजय मल्ला ने विभिन्न भूमिकाएं निभाकर प्रभावशाली अभिनय प्रस्तुत किया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

