प्रतिनिधिमंडल ने कांग्रेस नेताओं से की मुलाकात, बाढ़ राहत समेत विभिन्न मुद्दे उठाए

WhatsApp Channel Join Now
प्रतिनिधिमंडल ने कांग्रेस नेताओं से की मुलाकात, बाढ़ राहत समेत विभिन्न मुद्दे उठाए


जम्मू, 17 जून (हि.स.)। गुज्जर नगर जम्मू के मुस्लिम समुदाय के एक प्रतिनिधिमंडल ने जम्मू स्थित राजीव भवन प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) अध्यक्ष तारिक हमीद कर्रा से मुलाकात कर समुदाय से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। बैठक में कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष रमण भल्ला और जम्मू पूर्व विधानसभा प्रभारी सोहित शर्मा भी मौजूद रहे जिन्होंने इस बैठक का आयोजन किया।

प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र की कई लंबित समस्याओं को कांग्रेस नेतृत्व के समक्ष रखा। विशेष रूप से उन्होंने पिछले वर्ष आई बाढ़ के दौरान हुए संपत्ति नुकसान के लिए अब तक राहत नहीं मिलने का मुद्दा उठाया। प्रतिनिधियों ने कहा कि गुज्जर नगर क्षेत्र के प्रभावित परिवारों को अभी तक कोई आर्थिक सहायता या राहत प्रदान नहीं की गई है जिससे लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि बाढ़ प्रभावित परिवारों को शीघ्र राहत उपलब्ध कराई जाए तथा उनकी समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। तारिक हमीद कर्रा ने प्रतिनिधिमंडल द्वारा उठाए गए मुद्दों को ध्यानपूर्वक सुना और आश्वासन दिया कि कांग्रेस नेतृत्व इन मामलों को संबंधित विभागों और अधिकारियों के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाएगा।

उन्होंने कहा कि जनता से जुड़े मुद्दों का समाधान सुनिश्चित करना कांग्रेस की प्राथमिकता है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों से पार्टी की बैठकों और कार्यक्रमों में अधिक सक्रिय भागीदारी निभाने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा कि जनहित के मुद्दों को मजबूत तरीके से उठाने के लिए लोगों की सहभागिता आवश्यक है।

प्रतिनिधिमंडल में पूर्व पार्षद मोहिउद्दीन चौधरी, मकबूल चौधरी, गुलाम हैदर, महबूब आलम, वसीम अकरम, अब्दुल रशीद तथा दर्शन लाल सहित अन्य सदस्य शामिल थे। बैठक के अंत में प्रतिनिधिमंडल ने उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनने और आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाने के लिए तारिक हमीद कर्रा का आभार व्यक्त किया।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story