डीसी ने वृद्धाश्रम पहुंचकर बुजुर्गों का जाना हाल, बेहतर सुविधाओं का दिया भरोसा
कठुआ, 25 सितंबर (हि.स.)। उपायुक्त कठुआ राजेश शर्मा ने शुक्रवार को वृद्धाश्रम कठुआ का दौरा कर वहां रह रहे बुजुर्गों से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य, सुविधाओं तथा आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने बुजुर्गों की समस्याएं और सुझाव भी सुने।
इस दौरान डीसी ने वृद्धाश्रम के निवासियों को कंबल, बेडशीट और ट्रैक सूट वितरित किए। शारीरिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए वृद्धाश्रम में ट्रेडमिल भी उपलब्ध करवाई गई। उन्होंने आश्वासन दिया कि जिला प्रशासन बुजुर्गों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए हरसंभव सहयोग करेगा। डीसी ने बताया कि वृद्धाश्रम में जल्द ही विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाएगा जिसमें बुजुर्गों के स्वास्थ्य की जांच और चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा मिलेगी।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने तथा बुजुर्गों की दैनिक जरूरतों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। इस अवसर पर मुख्य योजना अधिकारी रंजीत ठाकुर, जिला समाज कल्याण अधिकारी वरुण चैधरी और टीएसडब्ल्यूओ विश्व बंधु शर्मा भी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

