कठुआ साइक्लोथॉन को लेकर युवाओं में भारी उत्साह, रविवार सुबह 6 बजे शुरू होगी साइक्लोथॉन

WhatsApp Channel Join Now
कठुआ साइक्लोथॉन को लेकर युवाओं में भारी उत्साह, रविवार सुबह 6 बजे शुरू होगी साइक्लोथॉन


कठुआ साइक्लोथॉन को लेकर युवाओं में भारी उत्साह, रविवार सुबह 6 बजे शुरू होगी साइक्लोथॉन


कठुआ, 21 नवंबर (हि.स.)। जिला कठुआ में पहली बार आयोजित होने जा रही साइक्लोथॉन-2026 को लेकर युवाओं और साइक्लिंग प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। इस आयोजन के लिए अब तक 860 से अधिक प्रतिभागियों ने पंजीकरण करवाया है। शनिवार को खेल स्टेडियम कठुआ में आयोजित बिब एक्सपो के दौरान प्रतिभागियों को आधिकारिक टी-शर्ट और रेस बिब वितरित किए गए।

दिनभर चले इस एक्सपो में बड़ी संख्या में प्रतिभागी अपनी रेस किट लेने पहुंचे। इस दौरान उन्हें साइक्लोथॉन की विभिन्न श्रेणियों, आयोजन संबंधी व्यवस्थाओं और आवश्यक दिशा-निर्देशों की जानकारी भी दी गई। प्रतिभागियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी से जिले में साइक्लिंग, फिटनेस और खेल गतिविधियों के प्रति बढ़ते रुझान का भी पता चला। जिला प्रशासन कठुआ की ओर से बाइसाइकिल फॉर चेंज क्लब तथा अन्य सहयोगी संस्थाओं के साथ मिलकर आयोजित की जा रही इस पहली साइक्लोथॉन का उद्देश्य लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, सड़क सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और टिकाऊ परिवहन के प्रति जागरूक करना है। साथ ही इसके माध्यम से नशामुक्त समाज का संदेश भी दिया जाएगा। आयोजन में विभिन्न आयु वर्गों के प्रतिभागियों के हिस्सा लेने की उम्मीद है। जिला प्रशासन ने सभी पंजीकृत प्रतिभागियों से रविवार सुबह ठीक 6 बजे खेल स्टेडियम कठुआ में पहुंचने की अपील की है। प्रशासन ने प्रतिभागियों से आयोजन को सुरक्षित और सफल बनाने के लिए निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने का आग्रह किया है।

साइक्लोथॉन के माध्यम से लोगों को साइकिलिंग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और स्वस्थ, फिट एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का संदेश दिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781028 Articles

Share this story