भाजपा ने आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा की
जम्मू, 02 जून (हि.स.)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद सत शर्मा की अध्यक्षता में त्रिकुटा नगर स्थित पार्टी मुख्यालय में एक संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में पार्टी के चल रहे कार्यक्रमों की समीक्षा करने के साथ-साथ 12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के अभियान के तहत आगामी गतिविधियों की रूपरेखा पर चर्चा की गई। बैठक में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान हाल ही में प्रसारित प्रधानमंत्री के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 134वें संस्करण की समीक्षा की गई। विभिन्न जिलों से प्राप्त रिपोर्टों के आधार पर कार्यक्रम में जनभागीदारी, पहुंच और संगठनात्मक प्रयासों पर चर्चा हुई। साथ ही समाज के विभिन्न वर्गों, विशेषकर युवाओं, महिलाओं, किसानों, विद्यार्थियों और नए श्रोताओं तक कार्यक्रम की पहुंच बढ़ाने के उपायों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में 5 जून से 21 जून तक आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों को लेकर भी चर्चा की गई। अभियान के अंतर्गत जनसंपर्क अभियान, स्वच्छता कार्यक्रम, प्रगति पथ यात्रा, जन कल्याण शिविर, प्राकृतिक खेती और अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पार्टी पदाधिकारियों ने इन कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों तक पहुंच बढ़ाने और विभिन्न सरकारी योजनाओं तथा विकास कार्यों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया।
बैठक में संगठनात्मक समन्वय, जनभागीदारी और निर्धारित कार्यक्रमों के सफल क्रियान्वयन को लेकर भी विचार रखे गए। वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं से समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंच बनाने और अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने का आह्वान किया। बैठक में पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

