एनएचएम कर्मचारियों का आंदोलन बुधवार को आठवें दिन भी जारी

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू , 16 सितंबर (हि.स.)। आर.एस. पुरा अपनी लंबित मांगों को लेकर नेशनल हेल्थ मिशन (राष्ट्रीय बागवानी मिशन) के कर्मचारियों का आंदोलन बुधवार को आठवें दिन भी जारी रहा। इस दौरान कर्मचारियों ने जम्मू-कश्मीर सरकार एवं स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन के दौरान भाजपा विधायक डॉ. नरेंद्र सिंह रैना और विधायक प्रोफेसर गारू राम भगत भी धरना स्थल पर पहुंचे और एन एच एम कर्मचरियों की मांगों का समर्थन किया। इस मौके पर प्रदर्शनकारियों ने दोनों विधायकों को अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा।

विधायकों ने कहा कि एनएचएम कर्मचारियों द्वारा उठाई जा रही मांगें जायज हैं और भारतीय जनता पार्टी पूरी तरह से उनके साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर भाजपा गंभीर है और आने वाले विधानसभा सत्र में एनएचएम कर्मचारियों का मुद्दा जोरदार तरीके से उठाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि सरकार को एनएचएम कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए केंद्र सरकार के साथ बातचीत करनी चाहिए। दोनों नेताओं ने कहा कि इस मामले को लेकर भाजपा स्तर पर भी संबंधित पक्षों के साथ संपर्क में है और कर्मचारियों की मांगों के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता

Share this story