रिफॉर्म उत्सव व रेडक्रॉस सप्ताह की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने बनाया कार्ययोजना

WhatsApp Channel Join Now
रिफॉर्म उत्सव व रेडक्रॉस सप्ताह की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने बनाया कार्ययोजना


कठुआ, 30 सितंबर (हि.स.)। उपायुक्त राजेश शर्मा ने बुधवार को रिफॉर्म उत्सव और रेडक्रॉस सप्ताह की तैयारियों को लेकर अधिकारियों की बैठक की और कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से आयोजित करने के निर्देश दिए।

बैठक में तीन माह तक चलने वाले रिफॉर्म उत्सव जिसका समापन 25 दिसंबर 2026 को होगा के तहत सरकारी योजनाओं और कार्यक्रमों की जमीनी स्तर पर व्यापक जानकारी पहुंचाने पर चर्चा हुई। डीसी ने सभी विभागों को नोडल अधिकारी नियुक्त करने तथा ग्राम सभाओं और फ्रंटलाइन वर्करों के माध्यम से योजनाओं का प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि गतिविधियों का विस्तृत कैलेंडर तैयार कर जिलेभर में लागू किया जाए ताकि पात्र लाभार्थियों तक सरकारी योजनाओं की जानकारी और लाभ प्रभावी ढंग से पहुंच सके। बैठक में 4 से 10 अक्टूबर तक रेडक्रॉस सप्ताह मनाने की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। इस दौरान रेडक्रॉस की मानवीय भूमिका के प्रति लोगों को जागरूक करने के साथ जागरूकता कार्यक्रम और दान अभियान आयोजित किए जाएंगे।

डीसी ने सेवा पर्व के तहत चल रहे पुस्तक दान अभियान में भी अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विभागों को सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए। बैठक में एडीसी महिमा मदान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story