सीमावर्ती तहसील परगवाल में 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह, सम्मान और राष्ट्रभक्ति के साथ मनाया

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू, 15 अगस्त (हि.स.)।जम्मू की सीमावर्ती तहसील परगवाल में 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह, सम्मान और राष्ट्रभक्ति के साथ मनाया गया। मुख्य समारोह का आयोजन राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परगवाल में किया गया जहां बड़ी संख्या में प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस, भारतीय सेना, बीएसएफ, विभिन्न विभागों के अधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थी एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

समारोह के मुख्य अतिथि तहसीलदार परगवाल मनजीत सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके बाद सभी ने राष्ट्रगान गाकर तिरंगे को सलामी दी और देश की एकता, अखंडता तथा स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को नमन किया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, समूहगान, नृत्य और अन्य रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए जिन्हें उपस्थित लोगों ने खूब सराहा। विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों एवं प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया गया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने और देश की एकता एवं अखंडता को मजबूत करने का आह्वान किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

Share this story