शिव सेना हिंदुस्तान का 23वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया

WhatsApp Channel Join Now
शिव सेना हिंदुस्तान का 23वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया


जम्मू, 30 मार्च (हि.स.)। शिवसेना हिंदुस्तान ने जम्मू-कश्मीर के विभिन्न क्षेत्रों में अपना 23वां स्थापना दिवस बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया। यह कार्यक्रम पार्टी के जम्मू-कश्मीर प्रदेश अध्यक्ष पंडित राजेश केसरी के नेतृत्व में आयोजित हुआ, जिसमें कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। यह आयोजन अरनिया, बिश्नाह, पुरखू कैंप, नौशेरा, उधमपुर सहित कई स्थानों पर राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन गुप्ता के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। हर जगह कार्यक्रम में अनुशासन, उत्साह और पार्टी सिद्धांतों के प्रति समर्पण देखने को मिला। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने सामाजिक और धार्मिक गतिविधियों का आयोजन किया, जिसमें गायों को हरा चारा खिलाना भी शामिल रहा। प्रतिभागियों ने आशीर्वाद लेकर अपनी सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति आस्था व्यक्त की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केशरी ने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने नशे को समाज और देश के भविष्य के लिए गंभीर खतरा बताते हुए युवाओं से इससे दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा अपनी ऊर्जा को सकारात्मक कार्यों में लगाएं और देश सेवा के लिए सदैव तत्पर रहें। इस दौरान उपाध्यक्ष राजकुमार, सुरेश कुमार (अरनिया अध्यक्ष), बलवंत फौजी (बॉर्डर अध्यक्ष), संजीव शर्मा, विजय लूथरा, बलबीर कुमार (नौशेरा अध्यक्ष) और राकेश चौधरी सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में पार्टी कार्यकर्ताओं ने समाज कल्याण, सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण और राष्ट्र निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story