श्री माता वैष्णो देवी विश्वविद्यालय में एसएई क्लब की तकनीकी पहल

WhatsApp Channel Join Now
श्री माता वैष्णो देवी विश्वविद्यालय में एसएई क्लब की तकनीकी पहल


जम्मू, 21 फ़रवरी (हि.स.)। श्री माता वैष्णो देवी विश्वविद्यालय के एसएई एसएमवीडीयू क्लब ने प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए ऑटोमोबाइल इंजीनियरिंग से परिचित कराने और उन्हें व्यावहारिक तकनीकी अनुभव प्रदान करने हेतु कार्यक्रमों की एक श्रृंखला आयोजित की। इस पहल की शुरुआत एक परिचयात्मक सत्र से हुई जिसमें क्लब की कार्यप्रणाली, उपलब्धियों तथा राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं, बीएजेए एसएई इंडिया और सुप्रा एसएई इंडिया में भागीदारी की जानकारी दी गई। वरिष्ठ सदस्यों ने प्रतिस्पर्धी एसएई वाहन के डिजाइन, निर्माण और टीमवर्क से जुड़े अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को कक्षा से परे सीखने के अवसरों के प्रति प्रेरित किया।

13 फरवरी 2026 को क्लब ने पिछले वर्ष निर्मित एसएई वाहन पर आधारित एक इंटरैक्टिव हैंड्स-ऑन सत्र भी आयोजित किया। इसमें विद्यार्थियों को ऑल-टेरेन वाहन के चेसिस, सस्पेंशन, ब्रेकिंग सिस्टम और पावरट्रेन का प्रत्यक्ष अवलोकन कराया गया। कोर टीम सदस्यों ने डिजाइन प्रक्रिया, सामग्री चयन, सुरक्षा मानकों और निर्माण व परीक्षण के दौरान आई चुनौतियों की विस्तृत जानकारी दी। इस व्यावहारिक प्रदर्शन से विद्यार्थियों को सैद्धांतिक ज्ञान को वास्तविक इंजीनियरिंग अनुप्रयोगों से जोड़ने में सहायता मिली।

उल्लेखनीय है कि विश्वविद्यालय ने वर्ष 2025 में हैदराबाद में आयोजित बीएजेए एसएई इंडिया प्रतियोगिता में सक्रिय भागीदारी करते हुए महत्वपूर्ण तकनीकी अनुभव अर्जित किया। छात्र समन्वयक कमल थवानी और रोमी़ल घुरैया तथा संकाय समन्वयक डॉ. मीर इरफान उल हक और डॉ. अंकुश रैना ने कुलपति प्रो. प्रगति कुमार के सतत समर्थन के प्रति आभार व्यक्त किया जिसके चलते विश्वविद्यालय में नवाचार आधारित शिक्षण गतिविधियों को नई दिशा मिली है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story