सांबा, जम्मू और ऊधमपुर की टीमों ने दर्ज की जीत, सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले आज

WhatsApp Channel Join Now
सांबा, जम्मू और ऊधमपुर की टीमों ने दर्ज की जीत, सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले आज


कठुआ, 10 अक्टूबर (हि.स.)। कठुआ के इंडोर स्पोर्ट्स स्टेडियम में शनिवार को अंडर-14 लड़कों की अंतर जिला संभाग स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता शुरू हुई। इसमें जम्मू संभाग के विभिन्न जिलों के युवा खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ भाग लेते हुए अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता के पहले दिन खेले गए लीग मुकाबलों में सांबा ने डोडा को 2-0 से हराया जबकि जम्मू ने राजौरी को 2-0 से शिकस्त दी। सांबा ने जम्मू को भी 2-0 से पराजित किया। वहीं राजौरी ने डोडा को 2-0 से हराया। अन्य मुकाबलों में ऊधमपुर ने रियासी को दोनों मुकाबलों में 2-0 से मात दी।

रामबन ने मेजबान कठुआ को 2-0 से हराया जबकि रियासी ने कठुआ को 2-0 से पराजित किया। रियासी ने रामबन को भी 2-0 से हराया और ऊधमपुर ने रामबन के खिलाफ 2-0 से जीत दर्ज की।

युवा खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धात्मक मंच प्रदान करने और उनकी खेल प्रतिभा को निखारने के उद्देश्य से आयोजित इस प्रतियोगिता के माध्यम से खिलाड़ियों को बेहतर अनुभव हासिल करने का अवसर मिल रहा है। प्रतियोगिता के सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले रविवार को खेले जाएंगे जिनमें विभिन्न टीमें खिताब के लिए मुकाबला करेंगी।

युवा सेवा एवं खेल विभाग की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्देश्य उभरती खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना और उन्हें उच्च स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story