शिक्षक केवल ज्ञानदाता नहीं बल्कि विद्यार्थियों के मार्गदर्शक और आदर्श भी-जीडीसी बसोहली

WhatsApp Channel Join Now
शिक्षक केवल ज्ञानदाता नहीं बल्कि विद्यार्थियों के मार्गदर्शक और आदर्श भी-जीडीसी बसोहली


बसोहली, 05 सितंबर (हि.स.)। गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज बसोहली में शनिवार को शिक्षक दिवस उत्साह एवं आभार के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों के जीवन को बेहतर बनाने तथा प्रगतिशील समाज के निर्माण में शिक्षकों के महत्वपूर्ण योगदान को सम्मानित करना रहा।

कार्यक्रम कॉलेज की प्राचार्य प्रो. राज किरण शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। उन्होंने अध्यापक दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विद्यार्थियों में ज्ञान, संस्कार, रचनात्मकता और जिम्मेदार नागरिकता की भावना विकसित करने में शिक्षकों की अहम भूमिका होती है। उन्होंने शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए फैकल्टी सदस्यों के समर्पण और प्रतिबद्धता की सराहना की।

इस अवसर पर फैकल्टी सदस्यों ने अध्यापन को एक महत्वपूर्ण एवं जिम्मेदार पेशा बताते हुए अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल ज्ञान प्रदान करने वाला नहीं होता बल्कि वह विद्यार्थियों के लिए मार्गदर्शक, मेंटर और आदर्श की भूमिका भी निभाता है। शिक्षकों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें अपनी पूरी क्षमता हासिल करने के लिए निरंतर प्रोत्साहित करने की प्रतिबद्धता दोहराई।

अध्यापक दिवस समारोह ने कॉलेज में सकारात्मक एवं बेहतर शिक्षण वातावरण तैयार करने के साथ विद्यार्थियों के शैक्षणिक, सामाजिक और व्यक्तिगत विकास में शिक्षकों की भूमिका को रेखांकित किया।

इस अवसर पर डॉ. सुरैया प्रताप सिंह, डॉ. रोशन लाल, डॉ. वरिंदर सिंह, डॉ. नेहा बंद्राल, रोशन लाल शर्मा, डॉ. वैष्णो देवी, प्रो. विशाल शर्मा और डॉ. निखिल भारती सहित फैकल्टी सदस्य मौजूद रहे। सभी ने विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने तथा उनके सर्वांगीण विकास में योगदान देने का संकल्प दोहराया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story