कठुआ में वैदिक यज्ञ अनुष्ठान के दूसरे दिन स्वामी रामस्वरूप जी का मीडिया संवाद
कठुआ, 28 जुलाई (हि.स.)। चार दिवसीय वैदिक यज्ञ-अनुष्ठान के दूसरे दिन योगाचार्य पूज्य स्वामी रामस्वरूप जी महाराज ने मीडिया से संवाद करते हुए वेदों के महत्व और आध्यात्मिक जीवन के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला।
स्वामी जी ने कहा कि चारों वेद मानव जीवन को सही दिशा देने वाले हैं और उनमें निहित ज्ञान अपनाने से ही सच्चा सुख व शांति प्राप्त होती है। उन्होंने योग साधना को दुखों से मुक्ति का मार्ग बताते हुए इंद्रियों के संयम को ब्रह्मानंद की प्राप्ति का आधार बताया।
उन्होंने कहा कि यज्ञ और अग्निहोत्र से आरोग्य व दीर्घायु मिलती है तथा वेदों में जातिवाद का कोई स्थान नहीं है। उन्होंने मानव को वेदों की ओर लौटने का आह्वान करते हुए कहा कि वेद ज्ञान ही मोक्ष का मार्ग है और राग, द्वेष, क्रोध जैसे दोषों से मुक्ति दिलाता है।
स्वामी जी ने ब्रह्मचर्य के महत्व, आत्मसंयम, योग और यज्ञ के माध्यम से जीवन में संतुलन बनाए रखने पर भी जोर दिया। पत्रकारों के सवालों के जवाब में उन्होंने परमेश्वर को सृष्टि का एकमात्र आधार बताते हुए कहा कि सच्ची उपासना वेद मार्ग पर चलकर ही संभव है। उन्होंने समाज में प्रेम, संयम और सद्भाव बढ़ाने तथा वेदों के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

