एनसीबी की हिरासत से संदिग्ध ड्रग तस्कर फरार, पूरे क्षेत्र में अलर्ट, तलाशी अभियान तेज

WhatsApp Channel Join Now


जम्मू, 07 सितंबर (हि.स.)। जम्मू में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) की हिरासत से एक संदिग्ध ड्रग तस्कर फरार हो गया, जिससे पूरे क्षेत्र में अलर्ट जारी कर तलाशी अभियान तेज कर दिया गया है।

पुलवामा जिले के काकापोरिया निवासी आकिब बशीर को एनसीबी ने 3 सितंबर को सांबा जिले में एक यात्री बस से 522 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया था। अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि बशीर रविवार और सोमवार की दरमियानी रात को नरवाल में एनसीबी की हिरासत से फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने प्रमुख प्रवेश और निकास बिंदुओं पर तलाशी और वाहनों की जांच तेज कर दी है।

बशीर की गिरफ्तारी जम्मू डिवीजन में एनसीबी के चलाए गए महीने भर के अभियान का हिस्सा थी, जिसने नशीले पदार्थों के तस्करों द्वारा जम्मू और कश्मीर में हेरोइन की तस्करी के लिए इस्तेमाल किए जा रहे दो अलग-अलग मार्गों का पर्दाफाश किया। ये मार्ग सीधे पाकिस्तान से उरी सेक्टर के रास्ते और अप्रत्यक्ष रूप से पंजाब के रास्ते थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

Share this story