जीजीएम साइंस कॉलेज जम्मू के असिस्टेंट प्रोफेसर सुनील सिंह बरहेयान ने हासिल की पीएचडी की उपाधि

WhatsApp Channel Join Now
जीजीएम साइंस कॉलेज जम्मू के असिस्टेंट प्रोफेसर सुनील सिंह बरहेयान ने हासिल की पीएचडी की उपाधि


जम्मू, 16 जून (हि.स.)। जीजीएम साइंस कॉलेज जम्मू के रसायन विज्ञान विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर सुनील सिंह बरहेयान को पंजाब स्थित रिमट यूनिवर्सिटी द्वारा रसायन विज्ञान (केमिस्ट्री) विषय में डॉक्टर ऑफ फिलॉसफी (पीएचडी) की उपाधि प्रदान करने के लिए योग्य घोषित किया गया है। सुनील सिंह बरहेयान ने 5 जून को आयोजित अंतिम वाइवा-वोस परीक्षा में अपने शोध प्रबंध “फिजिकोकेमिकल एनालिसिस एंड प्यूरिफिकेशन ऑफ ड्रिंकिंग वाटर फ्रॉम बाउलीज (नेचुरल स्प्रिंग्स) ऑफ डिस्ट्रिक्ट उधमपुर जम्मू एंड कश्मीर (यूटी) इंडिया” का सफलतापूर्वक प्रतिरक्षण (डिफेंस) किया।

यह शोध कार्य डॉ. हरि सिंह और डॉ. सतीश कुमार के मार्गदर्शन में पूरा किया गया। शोध में उधमपुर जिले की प्राकृतिक जलधाराओं (बाउलियों) के पेयजल की भौतिक एवं रासायनिक गुणवत्ता का वैज्ञानिक विश्लेषण करने के साथ-साथ उसके शुद्धिकरण के प्रभावी उपायों का अध्ययन किया गया है। इस अध्ययन से प्राकृतिक जल स्रोतों की गुणवत्ता के संरक्षण, सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने तथा जनस्वास्थ्य को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई है। शोध के निष्कर्ष जल संसाधन प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े भविष्य के अध्ययनों एवं नीतियों के लिए भी उपयोगी साबित हो सकते हैं।

जीजीएम साइंस कॉलेज के शिक्षकों और विद्यार्थियों ने सुनील सिंह बरहेयान की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है। उनकी यह सफलता न केवल कॉलेज बल्कि जम्मू-कश्मीर के उच्च शिक्षा एवं शोध क्षेत्र के लिए भी गौरव का विषय मानी जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story