सुनील शर्मा ने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला को दी चुनौती, गांदरबल सीट से इस्तीफा देकर नए सिरे से जनादेश मांगने को कहा

WhatsApp Channel Join Now

श्रीनगर, 02 सितंबर (हि.स.)। बुधवार को भाजपा ने जम्मू-कश्मीर सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। विधानसभा में विपक्ष के नेता सुनील शर्मा ने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला को चुनौती दी कि वे गांदरबल सीट से इस्तीफा दें और राज्य का दर्जा बहाल करने के मुद्दे पर नए सिरे से जनादेश मांगें।

भाजपा नेता और सैकड़ों कार्यकर्ता लाल चौक स्थित क्लॉक टावर के पास जमा हुए और नेशनल कॉन्फ्रेंस सरकार के खिलाफ नारे लगाए।

पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए शर्मा ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के लोग कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज आम और गरीब लोगों के लिए जीना मुश्किल हो गया है। पूरे जम्मू-कश्मीर में पानी का संकट है फिर भी एक भी फिटर या कार्यकारी अभियंता कहीं नजर नहीं आ रहा, मंत्री की तो बात ही छोड़िए।

उन्होंने कहा कि अस्पतालों में जाइए, वहां न डॉक्टर हैं, न चिकित्सा कर्मचारी और न ही गरीबों की देखभाल करने वाला कोई है। स्कूलों में जाइए, वहां न शिक्षक हैं, न प्रधानाध्यापक है।

अब्दुल्ला की आलोचना करते हुए शर्मा ने पूछा कि क्या जनता ने उन्हें राजकुमार की तरह जीने और गुलमर्ग और पहलगाम में स्कीइंग करने के लिए चुना है। उन्होंने अब्दुल्ला को चुनौती दी कि वे अपने गृह क्षेत्र गांदरबल से इस्तीफा दें और जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा बहाल करने के मुद्दे पर फिर से जनादेश मांगें।

उन्होंने कहा कि अगर आपमें थोड़ी भी आत्मसम्मान बचा है तो इस (राज्य का दर्जा) मुद्दे पर चुनाव लड़ें तभी हम इसे आपका मुद्दा मानेंगे। उन्होंने कहा कि राज्य का दर्जा भाजपा का मुद्दा है क्योंकि उसने जनता से उचित समय पर इसे बहाल करने का वादा किया है। भाजपा नेता ने सरकार पर 25,000 नौकरियों को आउटसोर्स करने का भी आरोप लगाया।

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

Share this story