कठुआ में 15 केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई सब-इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा, 49.65 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा

WhatsApp Channel Join Now
कठुआ में 15 केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई सब-इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा, 49.65 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा


कठुआ, 29 नवंबर (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर सेवा चयन बोर्ड की गृह विभाग में सब-इंस्पेक्टर पदों के लिए भर्ती परीक्षा रविवार को कठुआ जिले के 15 परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा में कुल 5,662 अभ्यर्थियों को शामिल होना था जिनमें से 2,811 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी जबकि 2,851 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा में उपस्थिति लगभग 49.65 प्रतिशत दर्ज की गई।

जिला प्रशासन कठुआ की ओर से परीक्षा के सुचारू, पारदर्शी और व्यवस्थित संचालन को लेकर व्यापक प्रबंध किए गए थे। सभी निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सुविधा, अनुशासन और परीक्षा प्रक्रिया को व्यवस्थित बनाए रखने के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की तैनाती की गई थी। इससे पहले उपायुक्त कठुआ राजेश शर्मा, एसएसपी कठुआ मोहिता शर्मा तथा एडीसी सचिन जमवाल ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने अभ्यर्थियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं, परीक्षा संचालन और प्रशासनिक प्रबंधों की समीक्षा की। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को परीक्षा के लिए निर्धारित दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने तथा आपसी समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। जिले के सभी 15 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा दोपहर 1 बजे से 3 बजे तक आयोजित की गई और प्रशासन की निगरानी में परीक्षा प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से पूरी हुई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785289 Articles

Share this story