देशभक्ति से ओत-प्रोत कार्यक्रम में छात्रों ने जानी राष्ट्रीय गीत की ऐतिहासिक विरासत

WhatsApp Channel Join Now
देशभक्ति से ओत-प्रोत कार्यक्रम में छात्रों ने जानी राष्ट्रीय गीत की ऐतिहासिक विरासत


जम्मू, 24 मार्च (हि.स.)। रामगढ़ स्थित गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज में ‘वंदे मातरम्’ के विशेष चरण का आयोजन बड़े उत्साह और देशभक्ति भाव के साथ किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को इस महान राष्ट्रीय गीत के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व से अवगत कराना तथा उनमें राष्ट्रप्रेम की भावना को प्रोत्साहित करना था। कार्यक्रम के दौरान छात्रों को ‘वंदे मातरम्’ पर आधारित एक लघु फिल्म दिखाई गई जिसमें इसके उद्भव, प्रासंगिकता और स्वतंत्रता संग्राम में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।

कॉलेज की प्राचार्य प्रो. (डॉ.) मीरू अबरोल ने इस अवसर पर छात्रों को संबोधित करते हुए ‘वंदे मातरम्’ के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डाला और बताया कि यह गीत स्वतंत्रता संग्राम के दौरान देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहा है। इस अवसर पर पंजाबी विभाग से डॉ. स्नोबर, समाजशास्त्र विभाग से डॉ. बिसात तारिक, डोगरी विभाग से प्रो. ब्रहम दत्त तथा शारीरिक शिक्षा विभाग से श्री अशोक कुमार सहित अन्य संकाय सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने छात्रों को कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में छात्रों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपने विचार साझा करते हुए ‘वंदे मातरम्’ की आज के समय में प्रासंगिकता और एकता व देशभक्ति को बढ़ावा देने में इसकी भूमिका पर प्रकाश डाला। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ जिसमें आयोजन टीम के प्रयासों और छात्रों की उत्साही भागीदारी की सराहना की गई।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story