प्राकृतिक वादियों में छात्रों ने किया मनोरंजन, आपसी तालमेल और उत्साह का प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
प्राकृतिक वादियों में छात्रों ने किया मनोरंजन, आपसी तालमेल और उत्साह का प्रदर्शन


जम्मू, 02 अप्रैल (हि.स.)। जम्मू के जीजीएम साइंस कॉलेज द्वारा छात्रों के लिए एक दिवसीय पिकनिक का आयोजन पटनीटॉप में किया गया जिसमें विद्यार्थियों को प्राकृतिक वातावरण के बीच सुकून, आपसी संवाद और ताजगी का अनुभव प्राप्त हुआ। यह पिकनिक कॉलेज के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) रोमेश कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में आयोजित की गई जबकि इसका सफल संचालन कॉलेज की पिकनिक एवं टूर समिति द्वारा संयोजक प्रो. कमल किशोर की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए इसे दो बैचों में आयोजित किया गया। पहले बैच में सेमेस्टर 2 और 8 के छात्र शामिल हुए जबकि दूसरे बैच में सेमेस्टर 4 और 6 के विद्यार्थियों ने भाग लिया।

पटनीटॉप की हरी-भरी वादियों, सुहावने मौसम और मनमोहक प्राकृतिक दृश्यों ने छात्रों को पढ़ाई के तनाव से दूर सुकून भरे पल बिताने का अवसर दिया। इस दौरान विभिन्न मनोरंजक गतिविधियां, समूह संवाद और दर्शनीय स्थलों का भ्रमण कराया गया जिससे छात्रों और शिक्षकों के बीच आपसी तालमेल और मजबूत हुआ। पूरा कार्यक्रम अनुशासन और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुआ जिसमें छात्रों और शिक्षकों का सहयोग सराहनीय रहा। पिकनिक के समापन पर प्राचार्य ने आयोजन समिति और शिक्षकों के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे सुरक्षित, सफल और यादगार आयोजन बताया। उन्होंने छात्रों के अनुशासन और उत्साह की भी प्रशंसा की जिसने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story